बिजली विभाग के लाइनमैनों के लिए सुरक्षा एवं कार्य कुशलता प्रशिक्षण, शून्य दुर्घटना का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
बिजली विभाग के लाइनमैनों के लिए सुरक्षा एवं कार्य कुशलता प्रशिक्षण, शून्य दुर्घटना का लक्ष्य


वाराणसी, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने हाल के दिनों में लाइनमैनों के साथ दुखद दुर्घटनाओं को देखते हुए उन्हें कार्य कुशलता प्रशिक्षण देना शुरू किया है। बुधवार को अमरा विद्युत उपकेन्द्र 33/11 केवी पर कुशल और अकुशल लाइनमैनों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता बरईपुर इंजीनियर अभिषेक कुमार और उपखंड अधिकारी राजेश कुमार यादव ने लाइनमैनों को कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की बारीकी से जानकारी दी। प्रशिक्षण में औजार और सुरक्षा उपकरणों जैसे डिस्चार्ज रॉड, सुरक्षा बेल्ट, हेलमेट और दस्तानों के सही उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। लाइनमैनों को तकनीकी रूप से और अधिक दक्ष बनाने के साथ फील्ड में सावधानियां बरतने के तरीके बताए गए। अधिकारियों ने विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी तकनीकी कर्मचारियों को पूरी सजगता और सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यशाला का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ कर्मचारियों की कार्य क्षमता बढ़ाना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story