उर्जा मंत्री ने विद्युत वैन का किया उद्घाटन,प्रतिदिन 8-8 घंटे की 3 शिफ्टों में करेगी काम

WhatsApp Channel Join Now
उर्जा मंत्री ने विद्युत वैन का किया उद्घाटन,प्रतिदिन 8-8 घंटे की 3 शिफ्टों में करेगी काम


- ट्रांसफॉर्मर बदलने से लेकर एचटी फॉल्ट तक का होगा त्वरित समाधान

वाराणसी, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता की बिजली आपूर्ति देने के लिए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा ने शनिवार को शहर में दो अत्याधुनिक '24×7 वैन' का उद्घाटन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्युत फॉल्ट सुधार में लगने वाले समय को न्यूनतम करना है।

बिजली विभाग के अफसरों के अनुसार, इन दोनों विशेष वाहनों को हर प्रकार की तकनीकी चुनौती से निपटने के लिए आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक टी एंड पी किट से सुसज्जित किया गया है। शहर में सही मायनों में चौबीस घंटे सातों दिन सेवाएं देने के लिए, इन वाहनों पर तैनात कर्मचारियों की टीम प्रतिदिन 8-8 घंटे की 3 शिफ्टों में कार्य करेगी। प्रत्येक शिफ्ट में सुपरवाइजर, लाइनमैन और हेल्पर सहित कुशल कर्मचारियों की टीम तत्पर रहेगी।

आपातकालीन वैन के 24×7 विस्तृत कार्य सेवाएं देने के लिए तैयार वैन में एचटी रखरखाव एवं ट्रांसफॉर्मर प्रतिस्थापन में आसानी रहेगी। हाई टेंशन (एचटी) लाइनों का मेंटेनेंस, ब्रेकडाउन सुधार, तथा आवश्यकता पड़ने पर ट्रांसफॉर्मर व क्रॉस आर्म को तुरंत बदला जाएगा। भूमिगत एवं एबी केबल फॉल्ट सुधार में आसानी रहेगी। अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से भूमिगत केबलों में आए फॉल्ट का त्वरित पता लगाना। साथ ही, जर्जर व खराब एबी केबल और क्षतिग्रस्त कंडक्टर को समय पर बदला जाएगा।

इसके अलावा प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना के कारण टूटे या झुके हुए खम्भों को सीधा करने या उन्हें तत्काल बदलने में आसानी होगी। पेड़ों की छंटाई एवं लाइन क्लीयरेंस में भी फायदा होगा। इसमें ओवरहेड लाइनों को सुरक्षित और बाधा मुक्त रखने के लिए पेड़ों की डालियों की छंटाई करना, ताकि शॉर्ट-सर्किट का खतरा न रहे। इससे केवल ब्रेकडाउन ही नहीं, बल्कि विद्युत लाइनों का नियमित सर्वे कर संभावित फॉल्ट्स को पहले ही दूर करने में आसानी होगी। किसी भी क्षेत्र में बिजली बाधित होने पर तुरंत मौके पर पहुंचना और फॉल्ट को दूर कर जल्द से जल्द सप्लाई बहाल होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story