वाराणसी : मालवीय शिशु विहार, बीएचयू के दो भाइयों ने राष्ट्रीय स्तर की ओलंपियाड प्रतियोगिताओं में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, जीता इनाम

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : मालवीय शिशु विहार, बीएचयू के दो भाइयों ने राष्ट्रीय स्तर की ओलंपियाड प्रतियोगिताओं में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, जीता इनाम


वाराणसी : मालवीय शिशु विहार, बीएचयू के दो भाइयों ने राष्ट्रीय स्तर की ओलंपियाड प्रतियोगिताओं में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, जीता इनाम


वाराणसी, 29 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मालवीय शिशु विहार के दो होनहार दाे विद्यार्थी भाइयाें मास्टर आदित्य कुमार सोनी और मास्टर आरव कुमार सोनी ने राष्ट्रीय स्तर की ओलंपियाड प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। कक्षा चार के छात्र मास्टर आदित्य कुमार सोनी ने यूनिफाइड इंटरनेशनल जनरल नॉलेज ओलंपियाड में अखिल भारतीय स्तर पर 19वीं रैंक प्राप्त कर देश के शीर्ष 25 राष्ट्रीय प्रतिभागियों में अपना स्थान बनाया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें स्वर्ण पदक, उपलब्धि प्रमाणपत्र, पुस्तक पुरस्कार तथा 3,996 रुपये मूल्य का पुरस्कार पैकेज प्रदान किया जाएगा।

वहीं, अपने बड़े भाई के पदचिह्नों पर चलते हुए उनके छोटे भाई कक्षा दो के छात्र मास्टर आरव कुमार सोनी ने भी इसी ओलंपियाड में अखिल भारतीय स्तर पर 50वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा और शैक्षणिक क्षमता का परिचय दिया है। रविवार को यह जानकारी बीएचयू के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी। बताया गया कि दोनों भाइयों ने यूनिफाइड इंटरनेशनल साइबर ओलंपियाड (यूआईसीओ ) में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वर्ष 2026 के परिणामों में आदित्य ने अखिल भारतीय स्तर पर 706वीं रैंक, जबकि आरव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 115वीं रैंक प्राप्त की। यह उपलब्धि कंप्यूटर शिक्षा, तकनीकी ज्ञान एवं डिजिटल लर्निंग के प्रति उनकी बढ़ती रुचि और अभिरुचि को दर्शाती है।

आदित्य की प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में उपलब्धियों का सफर निरंतर प्रगति का परिचायक रहा है। इससे पूर्व सितंबर 2025 में आयोजित यूनिफाइड इंटरनेशनल साइबर ओलंपियाड में उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 280वीं रैंक तथा उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में सातवाँ स्थान प्राप्त किया था। दोनों छात्रों के पिता राज कुमार सोनी, सहायक कुलसचिव, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, बच्चों की शैक्षणिक यात्रा में व्यक्तिगत रुचि लेकर उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करते रहे हैं, जबकि उनकी माता भी उनके लिए प्रेरणा, सहयोग और प्रोत्साहन का महत्वपूर्ण स्रोत हैं। अपनी सफलता और मेहनत के संबंध में आदित्य ने एक प्रेरणादायक विचार साझा किया हे।

आदित्य का मानना है कि मेहनत इतनी खामोशी से करो कि सफलता खुद तुम्हारी पहचान बन जाए। आदित्य के ये शब्द इतनी कम उम्र में उनके आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच को खूबसूरती से अभिव्यक्त करते हैं। उनके माता-पिता का मानना है कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने में निरंतर प्रोत्साहन, उचित मार्गदर्शन तथा सीखने के सार्थक अवसरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वे अपने दोनों बच्चों की बौद्धिक क्षमता एवं रचनात्मक प्रतिभा के और अधिक विकास के लिए अनुभवी शिक्षकों, मार्गदर्शकों तथा शैक्षणिक संस्थाओं से जुड़ने के अवसरों का भी स्वागत करते हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785118 Articles

Share this story