बीएचयू से संचालित विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए हुई कंप्यूटर आधारित परीक्षा
वाराणसी, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से संचालित सेन्ट्रल हिन्दू बॉएज़ स्कूल, सेन्ट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल, तथा रणवीर संस्कृत विद्यालय में रविवार को प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टी.जी.टी.) एवं प्राइमरी अध्यापक (पी.आर.टी.) के 25 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा हुई। विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि वाराणसी समेत देश के विभिन्न शहरों में स्थापित केन्द्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई।
आगरा, अलीगढ़, बरेली, बेंगलुरु, भोपाल, देहरादून, गोरखपुर, झाँसी, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मोहाली, मुरादाबाद, मुज़फ्फरनगर, नई दिल्ली, नोएडा, पटना, प्रयागराज, राँची, एवं ठाणे के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर गणित, उर्दू, होम साइंस, ज्योतिष, दर्शन, शारीरिक शिक्षा, तथा संगीत (वाद्य) विषयों के रिक्त पदों हेतु दो शिफ्ट में परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई, जिसमें कुल 3843 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों समेत विभिन्न शिक्षण पदों के लिए विज्ञापन संख्या 24/2023-24 के अंतर्गत नियुक्ति प्रक्रिया का आयोजन किया जा रहा है। आने वाले दिनों में शेष पदों के लिए परीक्षा प्रस्तावित है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

