बीएचयू में विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों ने लगातार दूसरे दिन किया विरोध प्रदर्शन
—शिक्षा व्यवस्था, नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर आइसा और भगतसिंह छात्र मोर्चा से जुड़े छात्र मुखर
वाराणसी, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर के मुख्य द्वार के सामने मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन में आइसा और भगत सिंह छात्र मोर्चा से जुड़े छात्र एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच तथा छात्रों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर और विश्वनाथ मंदिर के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभा के बाद जब प्रदर्शनकारी मार्च निकालने के लिए आगे बढ़े, तो मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान छात्रों और सुरक्षा कर्मियों के बीच कुछ समय के लिए तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में छात्र वहीं धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन जारी रखा।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर कथित नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा। स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

