उर्दू के कवि पंडित बृज नारायण चकबस्त पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी बुधवार से
वाराणसी, 24 मार्च (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) स्थित कला संकाय के उर्दू विभाग में उर्दू के महान कवि पंडित बृज नारायण चकबस्त पर आधारित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी की शुरूआत 25 मार्च बुधवार से होगी। संगोष्ठी में विभाग के पुरा छात्र समागम का आयोजन होगा, जिसके ‘अदबी कहकशाँ’ में सौ से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की उम्मीद है।
इस संगोष्ठी का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजित कुमार चतुर्वेदी करेंगे। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि प्रोफेसर शहाब इनायत मलिक, जम्मू विश्वविद्यालय तथा बीएचयू कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्ड्याल विशिष्ट अतिथि होंगी। जबकी बीज वक्तव्य प्रोफेसर अली अहमद फातमी देंगे। मंगलवार को यह जानकारी बीएचयू के जनसम्पर्क अधिकारी ने दी।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन सत्र के बाद ‘पुरा छात्र सम्मेलन’ पुरातन छात्र और संस्थान के साथ जुड़ने का एक औपचारिक मंच होगा। इसके दो सत्र होंगे। प्रथम सत्र रचनात्मकता आधारित होगा जिसमें पुरा छात्र स्व-रचनात्मक लेखन का पाठ करेंगे, जबकि दूसरे सत्र में अपनी अपनी स्मृतियों को साझा करेंगे। पुरा छात्र अकादमिक और साहित्यिक प्रतिक्रिया से अपने अनुभव साझा करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

