बीएचयू गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के डॉ. अनुराग तिवारी यूनाइटेड किंगडम अल्स्टर विश्वविद्यालय में 20 अप्रैल को देंगे व्याख्यान

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के डॉ. अनुराग तिवारी यूनाइटेड किंगडम अल्स्टर विश्वविद्यालय में 20 अप्रैल को देंगे व्याख्यान


एक विशेष कार्यशाला में भाग लेंगे,एक अतिथि व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे

वाराणसी,18 अप्रैल (हि.स.)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग, इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (आईएमएस) के सहायक प्रोफेसर डॉ. अनुराग तिवारी यूनाइटेड किंगडम के अल्स्टर विश्वविद्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यशाला में भाग लेंगे। वे 20 अप्रैल को एक अतिथि व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। यह व्याख्यान नैदानिक एवं शोध परिप्रेक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगा, जो दोनों संस्थानों के साझा शैक्षणिक उद्देश्यों को दर्शाता है।

इससे पहले, जनवरी 2026 में आईएमएस-बीएचयू में इसी पहल के अंतर्गत एक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया था, जिसमें दोनों संस्थानों के शिक्षकों और शोधकर्ताओं के बीच ज्ञान का दान-प्रदान, क्षमता निर्माण और संयुक्त शोध पर चर्चा को बढ़ावा मिला। डॉ तिवारी ने अपनी यात्रा को लेकर उत्साह जताया और स्वास्थ्य शोध एवं शिक्षा को आगे बढ़ाने में ऐसे अंतरराष्ट्रीय सहयोगों के महत्व पर जोर दिया।

बीएचयू के जनसम्पर्क कार्यालय ने शनिवार को बताया कि ब्रिटिश काउंसिल की ओर से समर्थित यह सहयोग शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करने, अंतःविषयक शोध को प्रोत्साहित करने तथा शिक्षकों और छात्रों को वैश्विक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। डॉ. तिवारी की यह यात्रा इस साझेदारी को और सुदृढ़ करने तथा नैदानिक शोध और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य के संयुक्त परियोजनाओं के लिए नए अवसर खोलने में सहायक होगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story