एससीआई ग्लोबल रजिस्ट्री-2025 में बीएचयू के प्रो. राघवेंद्र को विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान
वाराणसी, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के राजीव गांधी दक्षिण परिसर, बरकच्छा (मिर्जापुर) स्थित चिकित्सा प्रयोगशाला प्रौद्योगिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. राघवेंद्र रमन मिश्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्हें एससीआई ग्लोबल रजिस्ट्री-2025 में विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान मिला है।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बताया गया कि डॉ. मिश्र को यह प्रतिष्ठित सम्मान वैज्ञानिक अनुसंधान में उत्कृष्ट योगदान, नवाचारपूर्ण कार्यों तथा उच्च स्तरीय शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर प्रदान किया गया है।
एससीआई ग्लोबल रजिस्ट्री की यह वैश्विक रैंकिंग शोध की गुणवत्ता, वैज्ञानिक प्रकाशनों के प्रभाव, उद्धरण (साइटेशन) तथा अन्य प्रमुख शैक्षणिक मानकों के व्यापक मूल्यांकन पर आधारित होती है। इसमें एससीआई जर्नल और एससीआर जैसे महत्वपूर्ण सूचकांकों को शामिल किया जाता है, जिनका आधार स्कोपस डेटाबेस होता है।
डॉ. राघवेंद्र रमन मिश्र की यह उपलब्धि न केवल काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि देशभर के युवा शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। विश्वविद्यालय ने इसे संस्थान की शोध उत्कृष्टता और वैश्विक शैक्षणिक पहचान को सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

