ग्लोबल समिट में बीएचयू के प्रो. राजीव कुमार दुबे को मिला “प्रोफेसर ऑफ द ईयर 2026” सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
ग्लोबल समिट में बीएचयू के प्रो. राजीव कुमार दुबे को मिला “प्रोफेसर ऑफ द ईयर 2026” सम्मान


— पुस्तक भूटान: व्हेयर माइंड मैटर्स का लोकार्पण भी

वाराणसी, 12 जून (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) चिकित्सा विज्ञान संस्थान के एनेस्थिसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन के शिक्षाविद्, चिकित्सक प्रो. राजीव कुमार दुबे को बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। प्रो. दुबे को शिक्षा, शोध, रोगी-सेवा तथा नेतृत्व के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “प्रोफेसर ऑफ द ईयर 2026” (एनेस्थिसियोलॉजी) सम्मान से अलंकृत किया गया। यह सम्मान थिम्फू, भूटान में आयोजित 7वें ग्लोबल समिट के दौरान भूटान में भारत के उप मिशन प्रमुख अनिकेत गोविंद मांडवगणे ने प्रदान किया। यह जानकारी शुक्रवार को बीएचयू के जनसम्पर्क अधिकारी ने दी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रो. दुबे की लिखित नवीन पुस्तक भूटान: व्हेयर माइंड मैटर्स का लोकार्पण भी किया गया। यह पुस्तक भूटान की विशिष्ट ग्रॉस नेशनल हैप्पीनेस (सकल राष्ट्रीय प्रसन्नता) की अवधारणा, उसकी समृद्ध बौद्ध विरासत, सांस्कृतिक परम्पराओं, शासन व्यवस्था, स्वास्थ्य तंत्र तथा सजगता एवं मानसिक कल्याण पर आधारित जीवन-दृष्टि का गहन अध्ययन प्रस्तुत करती है। पुस्तक भूटान को एक ऐसे राष्ट्र के रूप में चित्रित करती है जहाँ आध्यात्मिक मूल्यों और आधुनिक विकास के बीच अद्भुत संतुलन देखने को मिलता है। सम्मान प्राप्त करने के उपरांत प्रो. दुबे ने अपने गुरुओं, विद्यार्थियों, सहयोगियों, रोगियों एवं परिवारजनों के प्रति आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story