बीएचयू की प्रो. मधूलिका अग्रवाल विशिष्ट महिला वैज्ञानिक चेयर के लिए चयनित
वाराणसी,18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की प्रो. मधूलिका अग्रवाल को राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी, भारत की विज्ञान प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत नासी-विशिष्ट महिला वैज्ञानिक चेयर के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान प्रो. अग्रवाल को उनके शोध व शिक्षा एवं समान में उसने प्रचार प्रसार के क्षेत्र में किये गये विशेष योगदान के लिए प्रदान किया गया है। यह जानकारी मंगलवार को विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी।
जानकारी में बताया गया कि प्रो. मधूलिका अग्रवाल को शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार एवं फेलोशिप भी प्राप्त हो चुके हैं। इनमें फुलब्राइट फेलोशिप, प्रो. पी. शील मेमोरियल अवॉर्ड, प्रो. एच. एल. चक्रवर्ती अवॉर्ड, स्वामी श्रद्धानंद पर्यावरण पुरस्कार (यूजीसी) तथा प्रो. प्रेम दुरेजा एंडोमेंट अवॉर्ड (आईसीएआर) शामिल हैं। इनको देखते हुए नासी-विशिष्ट महिला वैज्ञानिक चेयर के लिए प्रो. मधूलिका अग्रवाल का चयन उनके अकादमिक एवं शोध योगदान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

