बीएचयू के प्रोफेसर डॉ. लालता प्रसाद सियोल में देंगे व्याख्यान, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू के प्रोफेसर डॉ. लालता प्रसाद सियोल में देंगे व्याख्यान, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व


वाराणसी,25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के शिक्षा संकाय के प्रोफेसर डॉ. लालता प्रसाद दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बहुविषयक सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इंटरनेशनल मल्टीडिसिप्लिनरी कॉन्फ्रेंस ऑन एजुकेशन, रिसर्च, इनोवेशन एंड मैनेजमेंट का आयोजन 27 जुलाई से किया जाएगा।

सम्मेलन में विश्व के विभिन्न देशों से शिक्षाविद्, शोधकर्ता, शिक्षा प्रशासक, नीति-निर्माता तथा प्रबंधन विशेषज्ञ भाग लेंगे और शिक्षा, शोध, नवाचार तथा प्रबंधन से जुड़े समकालीन विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी ने शनिवार को बताया कि अपने व्याख्यान में प्रो. लालता प्रसाद प्रभावी नेतृत्व की आवश्यकता, शैक्षिक संस्थानों में सुशासन, गुणवत्ता संवर्धन, नवाचार, रणनीतिक योजना, संकाय विकास तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों में नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

इसके अलावा वे नैतिक नेतृत्व, सहभागितापूर्ण निर्णय-निर्माण तथा बदलती वैश्विक शैक्षिक चुनौतियों के प्रभावी समाधान जैसे विषयों पर भी अपने विचार साझा करेंगे। उनका व्याख्यान प्रतिभागियों को आधुनिक शैक्षिक प्रशासन की नई अवधारणाओं और वैश्विक परिप्रेक्ष्य से परिचित कराएगा तथा भविष्य उन्मुख, समावेशी और प्रभावी शिक्षा व्यवस्था के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story