बीएचयू में शिक्षण पद्धतियों को सुदृढ़ करने और शिक्षकों के व्यावसायिक विकास की आवश्यकता : कुलपति
वाराणसी, 11 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय, कमच्छा की पहल पर राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर बुधवार को ‘भावी शिक्षक शिक्षकों के लिए इंटर्नशिप में गुणवत्ता संबंधी सरोकार’ विषयक संवाद का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने बीएचयू में शिक्षण पद्धतियों को सुदृढ़ करने और शिक्षकों के व्यावसायिक विकास की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उच्च शिक्षा के शिक्षकों के लिए शिक्षणशास्त्र (पेडागॉजी) में तीन क्रेडिट का पाठ्यक्रम, मेंटरिंग एवं मूल्यांकन से संबंधित पाठ्यक्रम, क्षमता संवर्धन कार्यक्रम, कक्षा प्रबंधन प्रशिक्षण तथा शिक्षण मॉड्यूल विकसित करने जैसे सुझाव दिए। कुलपति ने अन्य विषयों के शिक्षकों तक शिक्षा संकाय की विशेषज्ञता का विस्तार करने तथा विश्वविद्यालय को अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे ले जाने के लिए भावी कार्ययोजना तैयार करने में संकाय की भूमिका को भी रेखांकित किया।
कुलपति ने इस अवसर पर शिक्षकों के साथ संवाद भी किया। संवाद के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को समझने और साझा करने के लिए इंटर्नशिप को प्रोत्साहित करना, संस्थागत पहलों एवं संचार को संबंधित हितधारकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना, उच्च शिक्षा में अत्यधिक निगरानी एवं नियंत्रण की प्रवृत्ति से बचना, अच्छे कार्यों एवं योगदान को पहचान और प्रोत्साहन देना, वरिष्ठ एवं अनुभवी शिक्षकों द्वारा उदाहरण प्रस्तुत करना तथा अधिक सहयोगात्मक अकादमिक वातावरण के लिए अनावश्यक पदानुक्रम संबंधी जटिलताओं को कम करना शामिल रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा संकाय के प्रमुख एवं संकायाध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार सिंह ने की। प्रो. आलोक गार्डिया कार्यक्रम के संयोजक तथा डॉ. प्रतीक चौरसिया सह-संयोजक थे। इसमें वाराणसी जिले के चार संस्थानों—वसंत महिला महाविद्यालय, राजघाट; घनश्याम सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन; शेपा तथा आर्य महिला पीजी कॉलेज, वाराणसी—के लगभग 45 शिक्षक-प्रशिक्षकों एवं हितधारकों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने सहमति व्यक्त की कि पाठ्यक्रम में इंटर्नशिप संबंधी अनुशंसाओं को सभी हितधारकों द्वारा गंभीरता से लागू किया जाना चाहिए। साथ ही, शिक्षक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने और समाज के हित में उसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम में प्रौद्योगिकी एवं वर्तमान शैक्षणिक रुझानों को शामिल करने पर भी जोर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

