वाराणसी: एमपी लीड फेलो ने बीएचयू का किया भ्रमण, केंद्रीय ग्रंथालय और भारत कला भवन का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: एमपी लीड फेलो ने बीएचयू का किया भ्रमण, केंद्रीय ग्रंथालय और भारत कला भवन का लिया जायजा


वाराणसी, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में रविवार को एमपी लीड (मेंबर ऑफ पार्लियामेंट लेजिस्लेटिव एक्सपोज़र एंड एडमिनिस्ट्रेटिव डेवलपमेंट) फेलो ने विश्वविद्यालय का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भ्रमण किया। इस दौरे का उद्देश्य विश्वविद्यालय की संस्थागत कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था और छात्र-केंद्रित पहलों को निकट से समझना था। कार्यक्रम का समन्वयन छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया।

भ्रमण के दौरान फेलो ने छात्र अधिष्ठाता कार्यालय, सरदार वल्लभभाई पटेल छात्रावास, सयाजी राव गायकवाड़ केंद्रीय ग्रंथालय, बीएचयू परिसर स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर तथा भारत कला भवन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र सहायता प्रणाली, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से अवगत कराया गया।

दौरे के क्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल छात्रावास परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत फेलो ने आंवले का पौधा भी रोपित किया। यह पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर और सतत विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम के दौरान नित्यानंद तिवारी, संजीव रंजन, डॉ. धीरेंद्र राय, डॉ. शैलेंद्र, डॉ. निशांत तथा डॉ. सुचित्रा सिंह ने फेलो का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, प्रशासनिक और छात्र कल्याण संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए संस्थान की कार्यप्रणाली से परिचित कराया।

उल्लेखनीय है कि एमपी लीड फेलोशिप का उद्देश्य भावी जनप्रतिनिधियों और नीति-निर्माताओं को प्रशासनिक एवं संस्थागत कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है। बीएचयू के इस अध्ययन भ्रमण से फेलो को विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता, समृद्ध विरासत और छात्र-केंद्रित पहलों को निकट से समझने का अवसर मिला। भ्रमण के समापन पर फेलो ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में मिले अनुभवों की सराहना करते हुए भविष्य में पुनः यहां आने की इच्छा व्यक्त की।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story