बीएचयू : रेजिडेंट चिकित्सकों को विश्राम एवं अल्पाहार की सुविधा उपलब्ध कराएगा रेजिडेंट डॉक्टर्स लाउंज : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now


— रेजिडेंट चिकित्सकों को विश्राम के साथ अल्पाहार की समुचित सुविधा

वाराणसी, 08 जुलाई (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने सर सुंदरलाल चिकित्सालय में नवस्थापित रेजिडेंट डॉक्टर्स लाउंज का उद्घाटन किया। यह लाउंज रेजिडेंट चिकित्सकों को विश्राम एवं अल्पाहार की समुचित सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, जिससे उनके कार्य परिवेश और कार्य-जीवन संतुलन को बेहतर बनाया जा सके। रेजिडेंट चिकित्सकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस लाउंज में बायोमेट्रिक प्रवेश प्रणाली स्थापित की गई है।

कुलपति ने चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कुलपति ने सीनियर रेजिडेंट एवं जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों से संवाद कर उनके कार्य अनुभव, कार्य परिस्थितियाँ एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कुलपति रोगियों की सेवा के प्रति रेजिडेंट चिकित्सकों की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उनके पेशेवर विकास एवं कल्याण के लिए विश्वविद्यालय की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक प्रो. के. के. गुप्ता ने कुलपति को चिकित्सालय में हाल में विकसित सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के उन्नयन की जानकारी दी। उन्होंने चिकित्सालय में विकसित फायर सेफ्टी रूट का भी अवलोकन किया, जो आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। कुलपति ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित फार्मेसी का निरीक्षण कर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने मेडिसिन वार्ड, जनरल वार्ड, एक्यूट केयर यूनिट, बोर्ड रूम, टेलीमेडिसिन हब तथा टेली-एविडेंस रूम का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार, उप चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पंकज कुमार भारती, उप कुलसचिव डॉ. रश्मि राजन, डॉ. आशुतोष पाठक, डॉ. अंकुर सिंह, डॉ. निलेश कुमार, डॉ. प्रखर जायसवाल, डॉ. अभिषेक आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story