बीएचयू में कर्मियों का धरना- प्रदर्शन जारी, कांग्रेस के नेताओं ने पहुंच कर किया समर्थन

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू में कर्मियों का धरना- प्रदर्शन जारी, कांग्रेस के नेताओं ने पहुंच कर किया समर्थन


कांग्रेस का आरोप : बीएचयू प्रशासन की कार्यप्रणाली पूरी तरह से असंवेदनशील

वाराणसी, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का धरना - प्रदर्शन सोमवार को भी परिसर स्थित मधुबन पार्क में जारी रहा। कर्मचारियों के इस आंदोलन को कांग्रेस के नेताओं ने समर्थन दिया और उनकी मांगों को जायज ठहराया।

सोमवार को धरनास्थल पर पहुंचे महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वीडियो कॉल के जरिए कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बीएचयू प्रशासन की कार्यप्रणाली पूरी तरह असंवेदनशील है और कर्मचारियों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण का मामला लंबित है,लेकिन समाधान के बजाय प्रशासन नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर उनके भविष्य के साथ अन्याय कर रहा है।

इससे पहले समाजवादी पार्टी के एमएलसी आशुतोष सिन्हा और पार्षद वरुण सिंह ने भी धरनास्थल पहुंचकर कर्मचारियों का समर्थन किया था। दोनों नेताओं ने बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर अजित कुमार चतुर्वेदी से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की थी। उधर,धरने में शामिल कर्मचारियों में प्रशासन के रवैये को लेकर गहरा आक्रोश है। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद उनके नियमितीकरण को टाला जा रहा है, जबकि अब नई भर्ती के माध्यम से बाहरी नियुक्तियां करने की तैयारी की जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने विश्वविद्यालय में 10 से 40 वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं, ऐसे में उन्हें प्राथमिकता दिए बिना नई भर्ती करना अन्यायपूर्ण है। कर्मचारियों से मिलने वाले कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल में फसाहत हुसैन, घनश्याम सिंह, हसन मेहदी, सुनील राय, रोहित दुबे, अजय सिंह, हिमांशु सिंह, परवेज खान, याशीन राईन आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story