बीएचयू के स्वास्थ्य मेले में पहले दिन 2500 स्कूली छात्रों सहित 7000 लोगों ने परामर्श का लिया लाभ

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू के स्वास्थ्य मेले में पहले दिन 2500 स्कूली छात्रों सहित 7000 लोगों ने परामर्श का लिया लाभ


—कठपुतली के माध्यम से भी मिर्गी रोग, हृदय रोग, लकवा की दी जानकारी

——कुलपति ने किया स्वास्थ्य मेला एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन, संस्थान के न्यूज लेटर का विमोचन

वाराणसी, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के 66वें वार्षिक दिवस के अवसर पर बुधवार को दो दिवसीय स्वास्थ्य मेला एवं प्रदर्शनी का आगाज हुआ। परिसर स्थित के. एन. उडुप्पा सभागार में यह कार्यक्रम संस्थान के वार्षिक दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने स्वास्थ्य मेले और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। तथा सभी स्टॉलों का भ्रमण कर वहाँ उपलब्ध जानकारियों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को बीमारियों, उनके लक्षणों, बचाव एवं उपचार की महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जा रही हैं।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान संस्थान द्वारा अपने स्थापना दिवस को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय विद्यार्थियों और आम नागरिकों से जुड़ने तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के अवसर के रूप में मनाना एक सराहनीय कदम है। उन्होंने मेले में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि इसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँच सके।

चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में मरीजों के स्वास्थ्य के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा एव तकनीकी की सहायता से विशेष प्रयास किया जा रहे हैं। डीन, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) प्रो. राजेश कुमार ने बताया कि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी एवं आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा के मार्गदर्शन में आईआईटी (बीएचयू) और आईएमएस (बीएचयू) साझा अनुसंधान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों संस्थानों के सहयोग से लगातार दूसरे वर्ष चैलेंज ग्रांट के अंतर्गत 10 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के न्यूज लेटर का विमोचन भी किया गया। स्वास्थ्य मेले के बारे में आम जन को विस्तृत जानकारी क्यू आर कोड के माध्यम से भी देने की व्यवस्था की गई है। साथ ही साथ जन जागरूकता के उद्देश्य से कठपुतली के माध्यम से भी मिर्गी रोग, हृदय रोग, लकवा आदि रोगों के विषय में प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम के संयोजन प्रो. टी.पी. चतुर्वेदी एवं सह संयोजक प्रो. बी. राम एवं प्रो. एस. के. भारतीय ने बताया कि मेले के पहले दिन लगभग 2500 स्कूली छात्रों सहित 7000 लोगों द्वारा सभी स्टालों पर निरीक्षण कर अपना खून से संबंधित महंगी जाँचों, ब्लड प्रेशर सहित अन्य महत्वपूर्ण जाँच एवं परामर्श के लिए जनमानस तथा बाहर से आये छात्रों ने लाभ उठाया।

धन्यवाद ज्ञापन आईएमएस (बीएचयू) के चिकित्सा संकाय के प्रमुख प्रो. संजय गुप्ता और संचालन न्यूरोलॉजी विभाग के प्रो. विजय नाथ मिश्रा ने किया। इस अवसर पर सर सुंदरलाल चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत, आयुर्वेद संकाय के प्रमुख प्रो. के. एन. मूर्ति, वरिष्ठ संकाय सदस्य तथा विश्वविद्यालय सहित विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779426 Articles

Share this story