बीएचयू में जीएसटी सुधारों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी , जुटेंगे देशभर के विशेषज्ञ

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू में जीएसटी सुधारों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी , जुटेंगे देशभर के विशेषज्ञ


—ग्रामीण-शहरी आजीविका और रोजगार पर जीएसटी सुधारों के प्रभावों पर होगा मंथन

-55 शोध पत्र प्राप्त और 200 प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण

वाराणसी, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में जीएसटी सुधारों के ग्रामीण एवं शहरी आजीविका तथा रोजगार पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 27 एवं 28 नवंबर को किया जाएगा। पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केंद्र, कला संकाय की ओर से भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) के सहयोग से आयोजित इस संगोष्ठी में देशभर के शिक्षाविद्, अर्थशास्त्री, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ता और शोधार्थी जीएसटी सुधारों के विभिन्न आर्थिक एवं सामाजिक पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे। “जीएसटी सुधार और ग्रामीण एवं शहरी आजीविका तथा रोजगार पर प्रभाव” विषय पर आयोजित यह राष्ट्रीय संगोष्ठी प्रबंध शास्त्र संस्थान (आईएमएस), बीएचयू के सम्मेलन कक्ष में होगी।

गुरूवार को आयोजन समिति के संयोजक प्रो. रत्ना शंकर मिश्रा, सह-संयोजक डॉ. बिनायक कुमार दुबे तथा सचिव डॉ. एल.बी. जायसवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि संगोष्ठी के लिए अब तक 55 शोध पत्र प्राप्त हो चुके हैं, जबकि शिक्षाविदों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्ताओं, शोधार्थियों और विद्यार्थियों सहित करीब 200 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। संगोष्ठी का उद्घाटन 27 नवंबर को सुबह 10 बजे होगा। उद्घाटन सत्र में पूर्व संयुक्त आयुक्त (जीएसटी), इटावा रेंज ए.के. बनर्जी मुख्य अतिथि होंगे। प्रो. अखिल मिश्रा और प्रो. आशीष बाजपेयी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सत्र की अध्यक्षता कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल करेंगी। इस अवसर पर डॉ. मानस पांडेय “भारत में जीएसटी सुधार: विकास, नीतिगत उद्देश्य और उभरते आर्थिक निहितार्थ” विषय पर मुख्य व्याख्यान देंगे।

संगोष्ठी का उद्देश्य जीएसटी सुधारों के व्यापक आर्थिक एवं सामाजिक प्रभावों का आकलन करने के साथ यह समझना है कि कर व्यवस्था में होने वाले बदलावों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की आजीविका, छोटे उद्यमों तथा रोजगार के अवसरों के लिए किस तरह अधिक समावेशी और प्रभावी बनाया जा सकता है।

संगोष्ठी का समापन 28 नवंबर को अपराह्न 3:30 बजे होगा। समापन सत्र में प्रो. आनंद वर्धन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story