रोहिंग्या समुदाय की आनुवंशिक जड़ें मुख्य रूप से पूर्वी दक्षिण एशिया में, म्यांमार से सीमित लेकिन स्पष्ट मिश्रण के संकेत

WhatsApp Channel Join Now
रोहिंग्या समुदाय की आनुवंशिक जड़ें मुख्य रूप से पूर्वी दक्षिण एशिया में, म्यांमार से सीमित लेकिन स्पष्ट मिश्रण के संकेत


——पहली बार हुआ रोहिंग्या समुदाय का विस्तृत जीनोम अध्ययन, 10 संस्थानों के 12 वैज्ञानिकों ने मिलकर किया शोध

——डीएनए विश्लेषण में 59 प्रतिशत दक्षिण एशियाई और 41 प्रतिशत बर्मी वंशावली का अनुमान

वाराणसी, 17 नवम्बर (हि.स.)। रोहिंग्या समुदाय की आनुवंशिक उत्पत्ति और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को लेकर पहली बार विस्तृत जीनोम अध्ययन किया गया है। दस संस्थानों के 12 वैज्ञानिकों के अंतरराष्ट्रीय दल द्वारा किए गए इस शोध में सामने आया है कि रोहिंग्या समुदाय की आनुवंशिक जड़ें मुख्य रूप से पूर्वी दक्षिण एशिया में हैं। हालांकि, म्यांमार के अराकान क्षेत्र में लंबे समय तक निवास और स्थानीय आबादी के साथ संपर्क के कारण उनमें तिब्बतो-बर्मी भाषी समुदायों से आनुवंशिक मिश्रण के भी स्पष्ट संकेत मिले हैं।

इस खास शोध के निष्कर्ष बताते हैं कि रोहिंग्या समुदाय का आनुवंशिक आधार दक्षिण एशियाई है, लेकिन पड़ोसी बांग्लादेशी आबादी की तुलना में उनमें पूर्वी और दक्षिण-पूर्व एशियाई आनुवंशिक अंश अपेक्षाकृत अधिक है। यह अध्ययन उनकी भाषाई पहचान और ऐतिहासिक संपर्कों को समझने के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शोधकर्ताओं ने डीएनए में कुछ ऐसे जीन भी चिह्नित किए हैं, जो स्थानीय पर्यावरण और जैविक परिस्थितियों के अनुकूलन से जुड़े संभावित संकेत देते हैं।

——दस संस्थानों के वैज्ञानिकों ने मिलकर किया अध्ययन

इस अंतरराष्ट्रीय शोध दल में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी, ढाका विश्वविद्यालय (बांग्लादेश), टार्टू विश्वविद्यालय (एस्टोनिया), सीडीएफडी हैदराबाद, केयू ल्यूवेन (बेल्जियम), बारी विश्वविद्यालय (इटली), ट्रिनिटी कॉलेज डबलिन (आयरलैंड), कलकत्ता विश्वविद्यालय और बर्न विश्वविद्यालय (स्विट्जरलैंड) के वैज्ञानिक शामिल रहे।

बांग्लादेश के आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद ढाका विश्वविद्यालय की डॉ. गाज़ी नुरुन नहार सुल्ताना के नेतृत्व में कॉक्स बाजार स्थित रोहिंग्या शरणार्थी शिविर से 25 लोगों के रक्त के नमूने एकत्र किए गए। तुलनात्मक अध्ययन के लिए 27 बांग्लादेशी मुस्लिम, नौ बांग्लादेशी हिंदू और नौ बाव्म जनजाति के लोगों के नमूने भी शामिल किए गए। इसके अतिरिक्त यूरेशिया की विभिन्न आबादियों के 2,217 नमूनों को विश्लेषण में शामिल कर व्यापक सांख्यिकीय अध्ययन किया गया।

—59 प्रतिशत दक्षिण एशियाई और 41 प्रतिशत बर्मी वंशावली

शोध के प्रथम लेखक डॉ. प्रज्ज्वल प्रताप सिंह के अनुसार, मॉडल आधारित सांख्यिकीय विश्लेषण में रोहिंग्या समुदाय में लगभग 59 प्रतिशत कोल-संबंधित यानी उत्तर भारतीय जैसी वंशावली और करीब 41 प्रतिशत बर्मी स्रोत से जुड़ी वंशावली का अनुमान सामने आया।

इसकी तुलना में पड़ोसी बांग्लादेशी मुस्लिम आबादी में यह अनुपात लगभग 69 प्रतिशत और 31 प्रतिशत रहा। दोनों समूहों के बीच यह अंतर दर्शाता है कि रोहिंग्या समुदाय का म्यांमार से संबंधित आबादी के साथ आनुवंशिक मिश्रण अपेक्षाकृत अधिक हुआ है।

शोध में प्रमुख योगदान देने वाली लेखिका डॉ. गाज़ी नुरुन नहार सुल्ताना के अनुसार, शुरुआती आनुवंशिक विश्लेषण में रोहिंग्या दक्षिण एशियाई समूहों के सबसे करीब एक अलग और सघन समूह के रूप में सामने आए। हालांकि, उनकी आनुवंशिक स्थिति दक्षिण एशिया और पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच कुछ हद तक खिसकी हुई दिखाई देती है। इसके बावजूद उनका मूल आनुवंशिक आधार दक्षिण एशियाई ही है।

——करीब 700 से 974 वर्ष पहले हुआ प्रमुख आनुवंशिक मिश्रण

शोधकर्ताओं ने केवल आनुवंशिक मिश्रण की मात्रा ही नहीं, बल्कि उसके समय का भी अनुमान लगाया। डीएनए आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला कि रोहिंग्या समुदाय में दक्षिण एशियाई और दक्षिण-पूर्व एशियाई आनुवंशिक घटकों का अंतिम प्रमुख मिश्रण लगभग 701 से 974 वर्ष पहले हुआ होगा।

शोध दल के अनुसार, यह समय-सीमा अराकान क्षेत्र में बसने के बाद स्थानीय आबादी के साथ हुए ऐतिहासिक संपर्कों की ओर संकेत करती है। इससे क्षेत्र में रोहिंग्या समुदाय के लंबे समय से मौजूद रहने की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को समझने में मदद मिलती है। हालांकि, आनुवंशिक मिश्रण की तारीख को किसी समुदाय के क्षेत्र में पहली बार बसने की निश्चित तारीख नहीं माना जा सकता।

———छोटे और पूरी तरह अलग-थलग समुदाय होने की धारणा को नहीं मिला समर्थन

अध्ययन में होमोजाइगोसिटी विश्लेषण के माध्यम से रोहिंग्या समुदाय के ऐतिहासिक जनसंख्या आकार और आपसी वैवाहिक संबंधों के पैटर्न को भी समझने का प्रयास किया गया।

विश्लेषण से संकेत मिला कि रोहिंग्या समुदाय का इतिहास किसी अत्यंत छोटी या पूरी तरह अंतर्विवाही (एंडोगेमस) आबादी जैसा नहीं रहा है। उनका प्रभावी जनसंख्या आकार अपेक्षाकृत बड़ा रहा, जो व्यापक बांग्लादेशी और भारतीय जातीय समूहों में देखे जाने वाले पैटर्न से मिलता-जुलता है।

——जीन में मिले पर्यावरणीय अनुकूलन के संभावित संकेत

इस शोध की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि इसमें केवल पूर्वजों की भौगोलिक उत्पत्ति का अध्ययन नहीं किया गया, बल्कि यह जानने का प्रयास भी हुआ कि लंबे समय तक अलग-अलग पर्यावरणीय परिस्थितियों में रहने से समुदाय के जीनोम में किस तरह के बदलाव आए होंगे।

इसके लिए शोधकर्ताओं ने पॉपुलेशन ब्रांच स्टैटिस्टिक (पीबीएस) पद्धति का इस्तेमाल किया। इसमें रोहिंग्या समुदाय की तुलना पश्चिम यूरेशियाई फ्रांसीसी और पूर्वी एशियाई हान आबादी के आनुवंशिक आंकड़ों से की गई।

शोधकर्ताओं के अनुसार, दक्षिण एशियाई आबादियों में पहले भी प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया से जुड़े जीनोम क्षेत्रों में प्राकृतिक चयन के संकेत मिले हैं। रोहिंग्या समुदाय में आईटीपीआर3 जीन से जुड़ा संकेत भी इसी व्यापक संदर्भ में महत्वपूर्ण हो सकता है। हालांकि, शोध पत्र स्पष्ट करता है कि इन जीनों को अभी संभावित चयन के उम्मीदवारों के रूप में ही देखा जाना चाहिए। उपलब्ध विश्लेषण किसी जीन पर निश्चित रूप से लाभकारी प्राकृतिक चयन होने का प्रमाण नहीं है।

—भाषा और आनुवंशिकी में भी दिखी समानता

अध्ययन में शामिल भाषाविद् प्रो. जॉर्ज वैन ड्रीम के अनुसार, रोहिंग्या समुदाय की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को एक मोजेक के रूप में समझा जा सकता है। इसकी प्रमुख परत पूर्वी दक्षिण एशिया से जुड़ी है और उनकी भाषा भी इसी क्षेत्र की भाषाई परंपरा से संबंधित है। अराकान क्षेत्र में लंबे समय तक निवास के दौरान म्यांमार से संबंधित आबादी के साथ संपर्क ने उनकी आनुवंशिक संरचना में एक अतिरिक्त परत जोड़ दी।

—दक्षिण एशियाई मूल, लेकिन क्षेत्रीय संपर्कों की भी स्पष्ट छाप

कुल मिलाकर, यह पहला विस्तृत जीनोम अध्ययन रोहिंग्या समुदाय की उत्पत्ति और ऐतिहासिक विकास को समझने के लिए महत्वपूर्ण आनुवंशिक साक्ष्य प्रस्तुत करता है। अध्ययन के अनुसार, उनकी आनुवंशिक पहचान का प्रमुख आधार पूर्वी दक्षिण एशिया है, जबकि म्यांमार और दक्षिण-पूर्व एशिया से जुड़ा आनुवंशिक मिश्रण भी स्पष्ट रूप से मौजूद है।

शोध यह भी रेखांकित करता है कि किसी समुदाय की पहचान को केवल उसके जीनोम के आधार पर नहीं समझा जा सकता। आनुवंशिक संरचना, भाषा, ऐतिहासिक प्रवास और स्थानीय आबादी के साथ लंबे समय तक हुए सामाजिक-सांस्कृतिक संपर्क मिलकर उसकी पहचान और विकास की कहानी बताते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778920 Articles

Share this story