बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. धीरेन्द्र पाल सिंह क्वालिटी चैंपियन अवॉर्ड से सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. धीरेन्द्र पाल सिंह क्वालिटी चैंपियन अवॉर्ड से सम्मानित


वाराणसी, 03 नवंबर (हि.स.)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के पूर्व कुलपति, टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज के कुलाधिपति, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के पूर्व चेयरमैन प्रो. धीरेन्द्र पाल सिंह को बड़ी उपलब्धि मिली है। उन्हें उच्च शिक्षा में गुणवत्ता संवर्धन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट आजीवन योगदान के लिए प्रतिष्ठित एपीक्यूएन क्वालिटी चैंपियन अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान एशिया-पैसिफिक क्वालिटी नेटवर्क द्वारा प्रदान किया गया है। यह सम्मान उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, शैक्षणिक मानकों और संस्थागत उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में प्रो. सिंह के दीर्घकालिक एवं उल्लेखनीय योगदान को मान्यता प्रदान करता है। मंगलवार शाम यह जानकारी बीएचयू के जनसम्पर्क अधिकारी ने दी।

बताया कि 30 अक्टूबर 2026 को पुणे, भारत में आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय निर्णायक मंडल की संस्तुति तथा एशिया-पैसिफिक क्वालिटी नेटवर्क के बोर्ड की स्वीकृति के उपरांत उन्हें इस सम्मान के लिए चयनित किया गया। यह सम्मान उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने तथा संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मानकों को सुदृढ़ बनाने के प्रति प्रो. सिंह की आजीवन प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

एशिया-पैसिफिक क्वालिटी नेटवर्क द्वारा प्रदान किया गया यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रो. सिंह के विशिष्ट शैक्षणिक नेतृत्व और उच्च शिक्षा के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है। प्रो सिंह जाने माने पर्यावरणविद और शिक्षाविद हैं। प्रो सिंह देवी अहिल्याबाई विश्वविद्यालय इंदौर, मध्य प्रदेश के कुलपति रहने के अलावा देश के विभिन्न शीर्षस्थ अकादमिक व प्रशासनिक समितियों का नेतृत्व करने के साथ साथ महत्वपूर्ण भूमिका भी निभा चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771996 Articles

Share this story