बीएचयू की डिजिटल पहल : अब मोबाइल ऐप से कर सकेंगे खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू की डिजिटल पहल : अब मोबाइल ऐप से कर सकेंगे खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत


वाराणसी, 14 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने परिसर में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और त्वरित बनाने के उद्देश्य से अपनी डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के ‘नमस्ते बीएचयू’ मोबाइल ऐप पर ‘स्ट्रीट लाइट कम्प्लेंट’ नाम से एक नया फीचर शुरू किया गया है। इसके माध्यम से परिसर में खराब या बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की शिकायत अब मोबाइल फोन से ही दर्ज कराई जा सकेगी।

इस नए फीचर में उपयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए दो प्रमुख विकल्प दिए गए हैं। इनमें नई शिकायत दर्ज कराने के लिए ‘रिपोर्ट’ और पहले से दर्ज शिकायत की स्थिति जानने के लिए ‘माय कम्प्लेंट’ का विकल्प शामिल है। शिकायत दर्ज करने के लिए उपयोगकर्ता को ऐप में दिए गए कैमरा आइकन पर टैप कर संबंधित बिजली के खंभे पर अंकित नंबर की तस्वीर अपलोड करनी होगी। यदि खंभे पर कोई नंबर अंकित नहीं है, तो सड़क की ओर से खंभे की पूरी तस्वीर लेनी होगी। इसके बाद निर्धारित ‘लैंडमार्क’ बॉक्स में आसपास की किसी प्रमुख जगह अथवा पते का विवरण अधिकतम 300 अक्षरों में दर्ज करना होगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित स्थान की पहचान कर शिकायत पर कार्रवाई करना आसान होगा।

बीएचयू के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार, ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की संबंधित विभाग नियमित रूप से समीक्षा करेगा। साथ ही संबद्ध अभियंताओं के जरिए समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की इस पहल से परिसर में स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव की व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के साथ शिकायतों के निवारण में भी तेजी आने की उम्मीद है। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और परिसर के अन्य निवासियों को खराब स्ट्रीट लाइटों की सूचना देने के लिए संबंधित कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उल्लेखनीय है कि ‘नमस्ते बीएचयू’ ऐप पर हाल ही में अतिथि गृहों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू की गई थी। अब स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा जुड़ने से विश्वविद्यालय की डिजिटल सेवाओं का दायरा और व्यापक हो गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776991 Articles

Share this story