विश्व साइकिल दिवस पर बीएचयू में निकली साइकिल रैली, कुलपति ने हरी झंडी दिखा किया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
विश्व साइकिल दिवस पर बीएचयू में निकली साइकिल रैली, कुलपति ने हरी झंडी दिखा किया रवाना


वाराणसी, 07 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर “संडे ऑन साइकिल” एवं “स्वस्थ भारत” पहल के तहत स्वास्थ्य तथा पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने के लिए रविवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू)में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन विश्वविद्यालय के सतत् स्वास्थ्य एवं हरित पहल के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य शारीरिक सक्रियता बढ़ाना, प्रदूषण घटाना तथा समुदाय में जागरूकता फैलाना रहा।

रैली का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने महिला महाविद्यालय चौराहा से हरी झण्डी दिखाकर किया। इस रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ व शिक्षक शामिल हुए। इस अवसर पर कुलपति ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को साइकिल उपयोग के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न स्लोगन और संदेशों का अवलोकन किया और इनके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को साइकिल चलाने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। साइकिल रैली आईआईटी चौराहे से होते हुए कंप्यूटर सेंटर के पास और एम्फीथिएटर के मुख्य द्वार पर समाप्त हुई। रैली में विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्ष प्रो. अर्चना सिंह, महासचिव प्रो. ए.के. नेमा, उपनिदेशक एवं सचिव डॉ. कविता वर्मा, डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. खुर्शीद अहमद, डॉ. प्रदीप खालखो, डॉ. धीरेंद्र तिवारी, सहायक निदेशक एवं आयोजन सचिव डॉ. हरिराम यादव यादव ने भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story