बीएचयू के क्रिकेट खिलाड़ियों को मिली आधुनिक तकनीक की सौगात, कुलपति ने किया बॉलिंग मशीन का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू के क्रिकेट खिलाड़ियों को मिली आधुनिक तकनीक की सौगात, कुलपति ने किया बॉलिंग मशीन का उद्घाटन


- आधुनिक मशीन से निखरेगी खिलाड़ियों की बल्लेबाजी तकनीक, टाइमिंग और प्रतिक्रिया क्षमता

वाराणसी, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में क्रिकेट प्रशिक्षण को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने बुधवार को विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद में स्थापित आधुनिक क्रिकेट बॉलिंग मशीन का उद्घाटन किया। इस सुविधा से विश्वविद्यालय के क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर और तकनीक आधारित प्रशिक्षण मिल सकेगा। साथ ही उन्हें अंतर-विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।

उद्घाटन के अवसर पर कुलपति ने बॉलिंग मशीन का अवलोकन किया और इसके माध्यम से खिलाड़ियों को मिलने वाली प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी ली। यह मशीन अलग-अलग गति, लाइन और लेंथ की गेंदें डालने में सक्षम है। इसके जरिए खिलाड़ी विभिन्न परिस्थितियों में बल्लेबाजी का अभ्यास कर सकेंगे। विशेष रूप से बल्लेबाजों की तकनीक, टाइमिंग, शॉट चयन, एकाग्रता और तेज गेंदों पर त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता विकसित करने में यह मशीन उपयोगी साबित होगी।

विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से खेल अधोसंरचना को आधुनिक बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बॉलिंग मशीन की स्थापना को बीएचयू की खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान अधिक विविधता और निरंतरता मिलेगी तथा उनकी व्यक्तिगत कमजोरियों को दूर करने में भी सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. ए.के. नेमा, उपाध्यक्ष प्रो. अर्चना सिंह, सचिव डॉ. कविता वर्मा, सचिव डॉ. दीपक डोगरा, सहायक निदेशक (क्रिकेट) डॉ. वैभव राय, उपनिदेशक डॉ. राजीव सिंह, उपनिदेशक डॉ. प्रदीप खालको, डॉ. धीरेंद्र तिवारी, डॉ. रॉबिन सिंह और सहायक निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

ईस्ट जोन प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रही थी बीएचयू की टीम

क्रिकेट के क्षेत्र में बीएचयू की उपलब्धियां भी विश्वविद्यालय की खेल प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को दर्शाती हैं। पिछले वर्ष कटक (ओडिशा) में आयोजित ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया था। इस उपलब्धि ने पूर्वी क्षेत्र के विश्वविद्यालयों के बीच बीएचयू की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी।

विश्वविद्यालय में क्रिकेट प्रशिक्षण को व्यवस्थित और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने में क्रीड़ा परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सहायक निदेशक (क्रिकेट) डॉ. वैभव राय के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, टीम की तैयारी, प्रबंधन और प्रतियोगिताओं की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बॉलिंग मशीन जैसी आधुनिक सुविधा की शुरुआत से बीएचयू के क्रिकेट प्रशिक्षण को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विश्वविद्यालय का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार करना है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783219 Articles

Share this story