बीएचयू में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए एंटी-रैगिंग स्क्वाड एवं निगरानी प्रकोष्ठ का गठन

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए एंटी-रैगिंग स्क्वाड एवं निगरानी प्रकोष्ठ का गठन


वाराणसी, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) कुलपति प्रो.अजित कुमार चतुर्वेदी ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए मुख्य परिसर एवं राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बरकछा के लिए एंटी-रैगिंग स्क्वाड तथा निगरानी प्रकोष्ठ का गठन किया है।

एंटी-रैगिंग स्क्वाड तथा निगरानी प्रकोष्ठ का गठन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के रैगिंग निषेध विनियम के प्रावधानों के अंतर्गत किया गया है। यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क अधिकारी ने गुरूवार को दी। उन्होंने बताया कि मुख्य परिसर के लिए गठित एंटी-रैगिंग स्क्वाड के अध्यक्ष प्रो. ललित मोहन अग्रवाल, रेडियोथेरेपी एवं विकिरण चिकित्सा विभाग, चिकित्सा विज्ञान संस्थान होंगे। वहीं, मुख्य परिसर के निगरानी प्रकोष्ठ का समन्वयक प्रो. टी. डी. सिंह, औषधीय रसायन विभाग, आयुर्वेद संकाय को नियुक्त किया गया है।

राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बरकछा के लिए गठित एंटी-रैगिंग स्क्वाड के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिंह, क्रिया शरीर विभाग, आयुर्वेद संकाय होंगे। दक्षिणी परिसर के निगरानी प्रकोष्ठ में डॉ. संतोष मरांडी, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय को समन्वयक के रूप में नामित किया गया है।

गठित एंटी-रैगिंग स्क्वाड को आवश्यकता पड़ने पर किसी विशिष्ट प्रकरण की जांच अथवा पूछताछ के लिए किसी भी व्यक्ति को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल करने का अधिकार होगा। साथ ही, विश्वविद्यालय के मुख्य आरक्षाधिकारी कार्यालय द्वारा एंटी-रैगिंग स्क्वाड को औचक निरीक्षण, जांच एवं अन्य आवश्यक कार्यवाहियों के संचालन में पूर्ण प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story