श्री काशी विश्वनाथ धाम से निकली भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा
—लक्ष्मीकुंड में विधि-विधान से हुआ श्रीराम दरबार की प्रतिमा का विसर्जन, नौ दिवसीय रामायण महायज्ञ का समापन
वाराणसी, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम से बुधवार को भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री रामचरितमानस नवाह्न पाठ महायज्ञ समिति की ओर से आयोजित नौ दिवसीय रामायण महायज्ञ के समापन के उपरांत श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद लक्ष्मीकुंड में विसर्जित किया गया।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को महायज्ञ का विधिवत समापन हुआ था। इसके बाद बुधवार को भू-देवों ने श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं का पूजन किया। उन्हें दक्षिणा देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। तत्पश्चात स्वदेशी फूलों से सुसज्जित वाहन पर श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं को विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में सबसे आगे संस्था का बैनर चल रहा था, जबकि पीछे बैंड-बाजे की मधुर धुन पर रामधुन गूंज रही थी। हाथों में धार्मिक पोथियां लेकर 108 भू-देव शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। शोभायात्रा श्री काशी विश्वनाथ धाम से प्रारंभ होकर बांसफाटक, गोदौलिया और गिरजाघर होते हुए लक्सा स्थित वार्ड संख्या 90 के लक्ष्मीकुंड पहुंची। यहां परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
विसर्जन से पूर्व समिति के अध्यक्ष कौशल शर्मा, महामंत्री अजय खेमका, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान सहित रघुदेव अग्रवाल, अशोक सराफ, विश्वनाथ पोद्दार, महेंद्र शर्मा, राहुल शर्मा, राधेश्याम मिश्रा, विवेक जायसवाल, कृष्ण कुमार काबरा और सतीश जायसवाल ने भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की। इसके बाद प्रभु को भोग अर्पित किया गया और उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान पूरा मार्ग जय श्रीराम के जयघोष और रामधुन से भक्तिमय बना रहा।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

