ईद मिलादुन्नबी पर काशी में जश्न-ए-चरागा, मुस्लिम बहुल इलाके दुल्हन की तरह सजे

WhatsApp Channel Join Now
ईद मिलादुन्नबी पर काशी में जश्न-ए-चरागा, मुस्लिम बहुल इलाके दुल्हन की तरह सजे


—बारिश के बावजूद नातिया मुकाबला

वाराणसी, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में ईद मिलादुन्नबी (हजरत मोहम्मद के यौम-ए- विलादत) की पूर्व संध्या पर मंगलवार शाम मुस्लिम बहुल इलाकों में जश्न-ए-चरागा का नजारा दिखा। बारिश के बीच शहर के दालमंडी, नई सड़क, बेनियाबाग, लोहता, सरैयां, ककरमत्ता, मदनपुरा, रेवड़ीतालाब, पीलीकोठी सहित अन्य इलाके में भव्य सजावट हुई है। खासकर नई सड़क इलाका रंग बिरंगे बिजली के झालरों की रोशनी से नहाया रहा।

नबी की शान में नई सड़क इलाके में देर रात तक नातिया मुकाबला और मरकजी यौमुन्नबी कमेटी के तत्वावधान में मजहबी जुलूस निकालने की तैयारी चल रही थी। मरकजी यौमुन्नबी कमेटी के सदर हाजी सैय्यद शकील अहमद और सेक्रेटरी हाजी महमूद खान के अनुसार जुलूस सराय हड़हा, छत्तातले, नारियल बाजार, दालमंडी, नई सड़क, कुरैशाबाद, फाटक शेख सलीम, आस्ताना रहीम शाह, भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां मार्ग होते हुए अमीन मंजिल, बेनियाबाग पहुंचेगा। यहां तकरीर और नातिया मुकाबला होगा। कमेटी के तहत 35 मंचों पर अंजुमनों की ओर से नातिया कलाम पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ईद मिलादुन्नबी बुधवार को मनाई जाएगी। उधर,जूलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल होने के लिए मुस्लिम क्षेत्रों में युवा और बच्चे इस्लामी झंडों के साथ तिरंगे की भी खरीदारी करते दिखे। सामाजिक और धार्मिक संगठनों समेत लोग जगह जगह जुलूस ए मुहम्मदी का इस्तकबाल और पानी, शरबत, फल,बिस्किट,मिठाई आदि के लंगर की व्यवस्था में लगे रहे। बताते चले,जुलूस ए मोहम्मदी पर जगह जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story