विजयादशमी पर बरेका में विशेष सुरक्षा व्यवस्था, दोपहर 2 बजे से रावण दहन तक सभी प्रवेश द्वार रहेंगे बंद

WhatsApp Channel Join Now
विजयादशमी पर बरेका में विशेष सुरक्षा व्यवस्था, दोपहर 2 बजे से रावण दहन तक सभी प्रवेश द्वार रहेंगे बंद


—महाप्रबंधक आशुतोष पंत भी रामलीला में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे

वाराणसी,19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में विजयादशमी पर्व के अवसर पर मंगलवार (20 अक्टूबर) को विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। इसके तहत बरेका के सभी प्रवेश द्वार—ककरमत्ता मुख्य प्रवेश द्वार, एफसीआई गेट, नाथूपुर गेट, पहाड़ी गेट एवं कंदवा गेट अपरान्ह दो बजे से रावण पुतला दहन तक बंद रहेंगे। इस अवधि में रेल कर्मचारी वैध पहचान पत्र तथा आम नागरिक रामलीला मंचन एवं रावण दहन का वैध प्रवेश पास दिखाकर ही बरेका परिसर में आवागमन कर सकेंगे। यह व्यवस्था भीड़ नियंत्रण, जनसुरक्षा एवं किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से की गई है। यह जानकारी बरेका के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी। बताया गया कि यह निर्णय भीड़-नियंत्रण, जन-सुरक्षा एवं अप्रिय घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। विजयादशमी जैसे बड़े पर्व पर बरेका परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति रहती है। अतः सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। कार्यालय के अनुसार,बरेका में विजयादशमी का पर्व पारंपरिक उल्लास, श्रद्धा एवं भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मैदान में सायं 4:30 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक भव्य रूपक रामलीला का मंचन, आकर्षक आतिशबाजी तत्पश्चात पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत होंगे। समारोह के दौरान 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट ऊंचे कुंभकरण तथा 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। रामलीला मंचन एवं पुतला दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया जाएगा। बरेका प्रशासन सभी रेल कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपील करता है कि वे सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, निर्धारित प्रवेश पास एवं पहचान पत्र साथ रख कर ही मैदान में आएं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story