बरेका एवं वाराणसी नगर निगम के बीच एमओयू हस्ताक्षरित, जलभराव का अब होगा स्थायी समाधान

WhatsApp Channel Join Now


-45.30 करोड़ रूपये की समेकित वर्षा जल निकासी परियोजना को मिली गति

वाराणसी,03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) एवं वाराणसी नगर निगम (वीएनएन) के मध्य 45.30 करोड़ रूपये की समेकित वर्षा जल निकासी (स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज) परियोजना के क्रियान्वयन के लिए साेमवार काे समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की उपस्थिति में बरेका की ओर से उप मुख्य इंजीनियर साकेत तथा नगर निगम के अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। यह जानकारी बरेका के जनसम्पर्क अधिकारी ने दी।

उन्होंने बताया कि यह परियोजना पहाड़ी गेट से चितईपुर रोड तक लगभग 14.20 किलोमीटर लंबी समेकित वर्षा जल निकासी प्रणाली के निर्माण से संबंधित है। इसकी कुल लागत 45.30 करोड़ रूपये है, जिसमें बरेका 24.00 करोड़ रूपये तथा वाराणसी नगर निगम 21.30 करोड़ रूपये का योगदान देगा। परियोजना में बरेका अपने परिसर में इंटरसेप्टर ड्रेनों का निर्माण कराएगा, जबकि नगर निगम अपने क्षेत्र में आवश्यक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क विकसित करेगा।

जानकारी में यह भी बताया गया कि परियोजना के पूर्ण होने पर बरेका की पश्चिम कॉलोनी स्थित रेलवे आवास वर्षा जल से सुरक्षित रहेंगे तथा भवनों की दीर्घकालिक मजबूती सुनिश्चित होगी। साथ ही बरेका से सटे नगर निगम क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को मानसून के दौरान जलभराव एवं आवागमन संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर बरेका के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक सागर सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन एवं लीगेसी वेस्ट के निस्तारण के सेवा समझौते पर हस्ताक्षर

सोमवार को ही बनारस रेल इंजन कारखाना एवं वाराणसी नगर निगम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुरूप बरेका टाउनशिप में वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल ठोस अपशिष्ट प्रबंधन लागू करने के लिए दो महत्वपूर्ण सेवा समझौतों पर हस्ताक्षर किए। महाप्रबंधक आशुतोष पंत एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की उपस्थिति में बरेका के उप मुख्य इंजीनियर साकेत तथा वाराणसी नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने सेवा समझौता प्रपत्रों का आदान-प्रदान किया।

प्रथम समझौते के अंतर्गत वाराणसी नगर निगम बरेका के डंप साइट पर वर्षों से संचित लीगेसी वेस्ट का बायो-रेमेडिएशन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं सुरक्षित निस्तारण करेगा। द्वितीय समझौते, जिसकी अवधि एक वर्ष है, के अंतर्गत बरेका टाउनशिप से प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले नगरपालिका ठोस अपशिष्ट का संग्रहण, परिवहन एवं वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जाएगा। बरेका निर्धारित डस्टबिनों में कचरे का संग्रह करेगा, जबकि वाराणसी नगर निगम निर्धारित मासिक सेवा शुल्क पर उसके परिवहन एवं प्रसंस्करण का कार्य करेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story