बरेका में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का शुभारंभ, जीएम ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
बरेका में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का शुभारंभ, जीएम ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


वाराणसी, 27 मई (हि.स.)। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने बुधवार से 'एक पेड़ मां के नाम' से अभियान की शुरूआत पौधरोपण कर किया। बरेका पश्चिमी स्वास्थ्य केंद्र, परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पौधरोपण के बाद महाप्रबंधक ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।

उन्होंने सभी से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने एवं प्रकृति के संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। महाप्रबंधक ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व स्वस्थ जीवन प्रदान करने का आधार भी हैं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति, मातृत्व एवं संवेदनशीलता को जोड़ने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास है। यह समाज को पर्यावरण के प्रति भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य करता है।

बरेका के जनसम्पर्क कार्यालय ने बताया कि परिसर में 15 मई से 5 जून 2026 तक “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन, हरित विकास तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना है। विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत बरेका में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नुक्कड़ नाटक एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता उत्पन्न हो रही है।

आज के पौधारोपण अभियान में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story