वाराणसी: स्वच्छता के लिए एकजुट हुआ बरेका, महाप्रबंधक के नेतृत्व में चला स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान
—‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान में महाप्रबंधक सहित सभी विभागाध्यक्षों ने लिया भाग
वाराणसी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत गुरूवार को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान चलाया गया। अभियान में पूरे कारखाना परिसर में व्यापक सघन स्वच्छता एवं श्रमदान किया गया। इस अभियान का उद्देश्य कार्यस्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं बेहतर कार्यपरिवेश के रूप में विकसित करने के साथ-साथ स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना रहा।
अभियान के लिए बरेका में कुल 09 टीमों का गठन किया गया था । प्रत्येक टीम को निर्धारित क्षेत्र में सघन स्वच्छता एवं श्रमदान की जिम्मेदारी सौंपी गई। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में बरेका के सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ निर्धारित स्थलों पर एक साथ श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान को गति प्रदान की। अभियान की विशेषता यह रही कि महाप्रबंधक आशुतोष पंत एवं सभी मुख्य विभागाध्यक्ष ने टीम- एफ लोको डिवीजन के साथ स्वयं श्रमदान किया। महाप्रबंधक ने खुद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई कार्य में सहभागिता की तथा स्वच्छता अभियान में जुटे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
09 टीमों ने संभाली स्वच्छता की जिम्मेदारी
स्वच्छता अभियान के लिए गठित टीमों को विभिन्न विभागों एवं क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई। टीम-ए को लेखा एवं कार्मिक, टीम-बी को सीएमटी लैब एवं टूल रूम, टीम-सी को सुरक्षा विभाग, टीम-डी को इंजन डिवीजन, टीम-ई को ब्लॉक डिवीजन, टीम-एफ को लोको डिवीजन, टीम-जी को एमएसएस एवं एमएएस, टीम-एच को डिपो एवं क्रय तथा टीम-आई को अनुरक्षण, टीटीसी एवं सिविल इंजीनियरिंग क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी टीमों ने अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर सघन सफाई, श्रमदान एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियां संचालित कीं।
स्वच्छता को बनाया जाए दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा
अभियान के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान अथवा पखवाड़े तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक कार्यसंस्कृति, अनुशासन एवं सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाए। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि स्वच्छता एक सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपने कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को निरंतर स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यपरिवेश न केवल बेहतर कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देता है, बल्कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कार्यक्षमता के लिए भी महत्वपूर्ण है।--------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

