काशी में गूंजा ‘बम-बम’ का जयकारा, गणेश आचार्य ने नमो घाट पर लॉन्च किया महादेव भक्ति गीत
——छठ के पावन अवसर पर हुआ गीत का अनावरण, दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती में भी शामिल हुए कोरियोग्राफर
वाराणसी, 14 नवंबर (हि.स.)। काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ की नगरी में शनिवार शाम भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। मशहूर कोरियोग्राफर एवं फिल्म निर्माता गणेश आचार्य ने अपनी आगामी फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडम’ के भक्ति गीत ‘बम-बम’ का भव्य अनावरण नमो घाट पर किया। मां गंगा के पावन तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय प्रशंसकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गीत के लॉन्च के दौरान पूरा माहौल महादेव की भक्ति और ‘बम-बम’ के जयकारों से गूंज उठा।
—गंगा आरती में शामिल होकर लिया महादेव का आशीर्वाद
गीत के अनावरण के बाद गणेश आचार्य दशाश्वमेध घाट पहुंचे, जहां उन्होंने पवित्र गंगा आरती में सहभागिता की। मां गंगा की आरती और काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच उन्होंने महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। नमो घाट पर भक्ति गीत का अनावरण और दशाश्वमेध घाट की दिव्य गंगा आरती ने उनकी वाराणसी यात्रा को यादगार बना दिया।
—‘काशी में अपने सबसे बड़े शिव भक्ति गीत को लॉन्च करना सौभाग्य’
इस अवसर पर गणेश आचार्य ने कहा कि काशी, बाबा भोलेनाथ की नगरी में आकर छठ के पावन अवसर पर अपनी फिल्म का सबसे बड़ा शिव भक्ति गीत लॉन्च करना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए इससे बड़ी बात क्या होगी कि काशी की नगरी, भोले की नगरी में आकर मैंने आज छठ के अवसर पर अपनी फिल्म का सबसे बड़ा गाना, जो शिवजी का है, उसे लॉन्च किया। यह शिवजी का गाना सिर्फ गाना नहीं है, यह हमारी भक्ति है, मेरे परिवार की भक्ति है। इस गाने को बनाने में हमने बहुत मेहनत की है।
उन्होंने वाराणसी से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उनके करियर में इस शहर का विशेष योगदान रहा है। अभिषेक बच्चन की फिल्म ‘बस इतना सा ख्वाब है’ का गाना ‘रामजी’ वाराणसी में शूट किया गया उनका पहला गाना था। इसके बाद उन्होंने यहां कई गानों की शूटिंग की। हाल ही में रणबीर कपूर की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के लिए भी उन्होंने गाना किया।
—जुनैद कुमार और कल्याण वसंत की आवाज में सजा ‘बम-बम’
भक्ति और जोश से भरपूर इस गीत को जुनैद कुमार और कल्याण वसंत ने अपनी आवाज दी है। गीत का संगीत संयोजन एवं कंपोजिशन जुनैद कुमार ने किया है, जबकि इसके बोल गणेश आचार्य ने लिखे हैं। इस गीत के जरिए जी म्यूजिक कंपनी ने अपने भक्ति संगीत संग्रह में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ी है। भारत की विविध भाषाओं और संस्कृतियों में भक्ति संगीत का विशेष स्थान है। कंपनी लगातार अलग-अलग संगीत शैलियों, प्रतिभाशाली कलाकारों और विशिष्ट आवाजों को मंच प्रदान करते हुए अपने संगीत संग्रह का विस्तार कर रही है।
—फिल्म को कई बड़े सितारों का मिल चुका है समर्थन
‘बम-बम’ का अनावरण फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडम’ के प्रमोशनल अभियान का अहम पड़ाव है। इससे पहले फिल्म के ट्रेलर को भी बॉलीवुड की कई चर्चित हस्तियों का समर्थन मिल चुका है। अक्षय कुमार, अजय देवगन, संजय दत्त, रणवीर सिंह, विक्की कौशल, कृति सेनन, वरुण धवन और टाइगर श्रॉफ सहित कई सितारों ने गणेश आचार्य के संघर्ष और सफलता के सफर की सराहना करते हुए फिल्म के प्रति अपना समर्थन जताया है।
—सौंदर्या आचार्य हैं फिल्म की निर्माता
वी2एस प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रस्तुत फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडम’ का निर्माण सौंदर्या आचार्य ने किया है। फिल्म की कहानी लिखने के साथ-साथ इसका निर्देशन भी गणेश आचार्य ने किया है। वहीं, फिल्म की पटकथा और संवाद दिगंगना सूर्यवंशी तथा गणेश आचार्य ने संयुक्त रूप से लिखे हैं। फिल्म का संगीत जी म्यूजिक कंपनी के बैनर तले प्रस्तुत किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

