बकरीद पर्व पर वाराणसी नगर निगम ने किया 79 स्थानों पर विशेष इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now

—पशुओं की कुर्बानी के उपरांत निकलने वाले लीदा-पचौनी व अन्य अपशिष्टों का होगा त्वरित निस्तारण- चिह्नित स्थानों पर मशीनों की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष फोकस

वाराणसी, 27 मई (हि.स.)। बकरीद पर्व को लेकर नगर निगम ने शहर की स्वच्छता और जन स्वास्थ्य के प्रति विशेष कार्ययोजना बनाई है। पशुओं की कुर्बानी के उपरांत निकलने वाले भारी मात्रा में लीदा-पचौनी व अन्य अपशिष्टों के त्वरित निस्तारण के लिए निगम ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

निगम ने शहर के कुल 79 ऐसे स्थानों को चिह्नित किया है जहाँ कुर्बानी के बाद अपशिष्ट अधिक निकलता है। इन स्थलों से कूड़ा उठाने के लिए 94 वाहनों (डीपी कन्टेनर, काम्पैक्टर, हापर, टाटा एस, ट्रैक्टर-ट्राली, लोडर व डम्पर) की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। परिवहन विभाग को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि कचरा ढोने वाले सभी वाहन तिरपाल से ढके हों ताकि रास्ते में गंदगी न फैले। जैतपुरा, अलईपुरा और बजरडीहा जैसे क्षेत्रों में, जहां कुर्बानी बड़े पैमाने पर होती है, उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निगम ने अलग से 95 सफाई कर्मचारियों और आठ सफाई सुपरवाइजरों को तैनात किया है। साथ ही, नाला गैंग के कर्मियों की भी विशेष तैनाती की गई है। लीदा-पचौनी के सुरक्षित निस्तारण के लिए करसड़ा प्लांट पर विशेष गड्ढे खोदे गए हैं। यहां सफाई और खाद्य निरीक्षकों की तैनाती की गई है, जो रोटेशन में कार्य देखेंगे। बुधवार शाम यह जानकारी नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी। बताया गया कि बुधवार को विवेक वोहरा (सफाई निरीक्षक) व्यवस्था में लगे रहे। इसी तरह 28 मई: विनयानंद द्विवेदी (सफाई निरीक्षक),29 मई:पंकज श्रीवास्तव (सफाई निरीक्षक) के साथ भानू प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ व्यवस्था संभालेंगे। सफाई के उपरांत दुर्गंध और संक्रमण रोकने के लिए कीटनाशकों का भरपूर भंडारण कर लिया गया है, जिसमें 1200 बोरी मैलाथियान पाउडर, 700 बोरी ब्लीचिंग पाउडर, 50 टन चूना पाउडर, 500 लीटर फिनायल और 15 टन खड़ा नमक प्रमुख है। कूड़े को गड्ढों में डालकर इन रसायनों के साथ एक्सकेवेटर मशीन से मिट्टी की कैपिंग की जाएगी। जनमानस की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम में हेल्प डेस्क बनाई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story