बैकुंठ चतुर्दशी पर काशी विश्वनाथ धाम में विशेष पूजन-अर्चन, बैकुण्ठ जी की हुई महाआरती

WhatsApp Channel Join Now
बैकुंठ चतुर्दशी पर काशी विश्वनाथ धाम में विशेष पूजन-अर्चन, बैकुण्ठ जी की हुई महाआरती


वाराणसी, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीहरि विष्णु के प्रमुख विग्रहों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाआरती संपन्न हुई।

धाम के मुख्य मंदिर परिसर में गर्भगृह और दण्डपाणि मंडप के मध्य स्थित बैकुंठ जी के विग्रह का विशेष पूजन किया गया। अनुष्ठान का शुभारंभ षोडशोपचार विधि से बैकुंठ जी के पूजन के साथ हुआ। इसके बाद बैकुण्ठेश्वर महादेव को तुलसी दल अर्पित कर श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ किया गया। इस दौरान सहस्रार्चन भी संपन्न कराया गया।

पूजन के दौरान भगवान बैकुंठ जी को लड्डू, विभिन्न प्रकार के फल और अन्य नैवेद्य अर्पित किए गए। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर विधिवत महाआरती की गई। समस्त कार्यक्रम मंदिर के अर्चक के पौरोहित्य में पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र, उप जिलाधिकारी सहित मंदिर न्यास के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भगवान को तुलसी दल अर्पित कर पूजन-अर्चन में सहभागिता की।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को बैकुंठ चतुर्दशी मनाई जाती है। इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त आराधना का विशेष महत्व माना गया है। पौराणिक मान्यता है कि इसी दिन भगवान विष्णु ने भगवान शिव को एक हजार कमल पुष्प अर्पित कर उनकी पूजा की थी। इसी परंपरा के तहत श्रद्धालु इस दिन दोनों देवों की आराधना कर सुख-समृद्धि, मोक्ष और आध्यात्मिक कल्याण की कामना करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story