महंत आवास पर पंचबदन बाबा विश्वनाथ की चल प्रतिमा का हरियाली शृंगार गुरुवार को

WhatsApp Channel Join Now

—हरियाली शृंगार का होगा दर्शन, सजेगी शिवांजलि,काशीपुराधीश्वर को सपरिवार झुलायेंगे झूला

वाराणसी,26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ को सपरिवार काशीवासी झूले पर विराजमान कराएंगे।

बाबा विश्वनाथ का पारंपरिक झूलनोत्सव मंदिर के पूर्व मंहत के टेढ़ीनीम स्थित आवास पर होगा। बुधवार को इसकी पूरी तैयारी कर ली गई। पूर्व महंत स्व.कुलपति तिवारी के पुत्र पंडित वाचस्पति तिवारी ने बताया कि श्रावण पूर्णिमा (रक्षाबंधन) पर शुक्रवार को बाबा की चल प्रतिमा का श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में झूलनोत्सव किये जाने के पूर्व टेढ़ीनीम स्थित आवास पर गुरूवार को विशेष हरियाली शृंगार कर पूजन किया जाएगा। श्रावण पूर्णिमा पर सायंकाल पंचबदन चल प्रतिमा का राजसी शृंगार के बाद सायंकाल टेढ़ीनीम से मंदिर ले जाया जाएगा और गर्भगृह में परंपरागत रुप से झूले पर विराजमान कराकर बाबा का झूलनोत्सव होगा। महंत वाचस्पति तिवारी ने बताया कि श्रावण पूर्णिमा पर परंपरा के अनुसार आवास से भगवान शिव परिवार की चल प्रतिमा का ब्रह्ममुहूर्त में पं.सुशील त्रिपाठी के आचार्यत्व में 11 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा विशेष पूजन किया जायगा । सायंकाल नाटकोट क्षेत्रम् के पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज व डमरूवादन के बीच बाबा की चल रजत प्रतिमा काशी विश्वनाथ मंदिर ले जाई जायेगी। वहां गर्भगृह में प्रतिमा प्रतिष्ठित करने के उपरांत बाबा का पूजन कर झूलनोत्सव किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story