वाराणसी में एटीएस की छापेमारी : बाल रोग विशेषज्ञ के घर जांच, टेरर फंडिंग का शक

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में एटीएस की छापेमारी : बाल रोग विशेषज्ञ के घर जांच, टेरर फंडिंग का शक


वाराणसी, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित ओमकारेश्वर इलाके में मंगलवार को एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) टीम ने एक बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक के आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एटीएस टीम ने चिकित्सक और उनके परिजनों को घर के भीतर ही रोककर गहन पूछताछ और तलाशी अभियान चलाया।

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान टीम ने डॉक्टर के मोबाइल फोन और लैपटॉप सहित अन्य डिजिटल उपकरणों की भी जांच की। वहीं, स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही और एटीएस की कार्रवाई में सहयोग करती रही। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक एटीएस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि यह कार्रवाई आतंकियों को धन उपलब्ध कराने (टेरर फंडिंग) के संदेह में की गई है। सूत्रों के अनुसार, चिकित्सक का युवा पुत्र पाकिस्तान के संदिग्ध लोगों के संपर्क में था। वह उनसे व्हाट्सएप चैट के जरिए बातचीत करता था। बताया जा रहा है कि चिकित्सक अपने दो मंजिला मकान के सात कमरों में अस्पताल संचालित करते हैं, जबकि प्रथम तल पर अपने परिवार के साथ निवास करते हैं।

गौरतलब हो कि बीते 10 अप्रैल को प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चारबाग रेलवे स्टेशन के समीप एटीएस ने चार संदिग्धों को दबोच कर पूछताछ की थी। पूछताछ और जांच में इनके संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी व आतंकी संगठन से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। जानकारी मिली कि मुंबई, लखनऊ और वाराणसी में टेरर फंडिंग के जरिए नेटवर्क खड़ा किया जा रहा है। माना जा रहा है कि संदिग्धों से पूछताछ में मिली जानकारी पर एटीएस ने वाराणसी में छापेमारी की है। टीम डॉक्टर दंपति के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही टीम अधिकृत जानकारी देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story