अपना दल (कमेरावादी) की रोजगार एवं भागीदारी यात्रा का सारनाथ से आगाज, विधायक पल्लवी पटेल भी हुईं शामिल

WhatsApp Channel Join Now
अपना दल (कमेरावादी) की रोजगार एवं भागीदारी यात्रा का सारनाथ से आगाज, विधायक पल्लवी पटेल भी हुईं शामिल


अपना दल (कमेरावादी) की रोजगार एवं भागीदारी यात्रा का सारनाथ से आगाज, विधायक पल्लवी पटेल भी हुईं शामिल


——2027 में फिर सिराथू से चुनाव लड़ेंगी पल्लवी पटेल, बोलीं- इसी सीट से मिली सम्मान और सियासी पहचान

वाराणसी, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर अपना दल (कमेरावादी) ने गुरुवार को वाराणसी के ऐतिहासिक सारनाथ से 12 दिवसीय रोजगार एवं भागीदारी यात्रा का आगाज किया। पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली गई इस यात्रा को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल भी स्कूटी पर सवार होकर शामिल हुईं।

यात्रा के शुभारंभ से पहले विधायक पल्लवी पटेल ने महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पार्टी नेताओं के मुताबिक यात्रा का समापन आठ दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित महाआंदोलन के साथ होगा। यात्रा 28 नवंबर तक वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। इसके बाद 27 नवंबर को मिर्जापुर और चंदौली, 28 से 29 नवंबर तक जौनपुर, 29 नवंबर को सुल्तानपुर, 30 नवंबर को अयोध्या, एक दिसंबर को बाराबंकी, दो दिसंबर को लखीमपुर खीरी और सीतापुर, तीन दिसंबर को पीलीभीत और बरेली, चार दिसंबर को कानपुर और उन्नाव तथा पांच दिसंबर को रायबरेली पहुंचेगी। पार्टी की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं के लिए रोजगार,पिछड़े वर्गों की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर जनसमर्थन जुटाना है। यात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

2027 में फिर सिराथू से चुनाव लड़ेंगी पल्लवी पटेल

सारनाथ में यात्रा के शुभारंभ से पहले पत्रकारों से बातचीत में विधायक पल्लवी पटेल ने स्पष्ट किया कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर सिराथू सीट से ही चुनाव मैदान में उतरेंगी। उन्होंने कहा कि सिराथू ने उन्हें सम्मान और राजनीतिक पहचान दी है। लिहाजा इस सीट से उनका विशेष जुड़ाव है। लखनऊ में एआईएमआईएम प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी तथा सांसद चंद्रशेखर की रैली से जुड़े सवाल पर उन्होंने दोनों को शुभकामनाएं दीं। पल्लवी पटेल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि हर उस व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, जिसके पास राजनीतिक संगठन, कोई विचार या मुद्दा है। ऐसे में कोई भी राजनीतिक संगठन कहीं भी रैली करे, उन्हें उनकी शुभकामनाएं हैं।

रोजगार एवं भागीदारी यात्रा के उद्देश्य पर उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, भागीदारी और अपने अधिकारों के सवाल पर सड़कों पर उतरकर सरकार से जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी युवा अपने सवालों का जवाब मांगने के लिए आवाज उठाते हैं तो सरकार दमनकारी नीतियों के जरिए उनकी आवाज दबाने का प्रयास करती है।

भाजपा और उसके गठबंधन पर निशाना साधते हुए पल्लवी पटेल ने कहा कि भाजपा ने देश को अमृतकाल का सपना दिखाया था, लेकिन आज तानाशाहीपूर्ण रवैये और तुगलकी फरमानों के खिलाफ लोकतंत्र एवं संविधान में विश्वास रखने वाले सभी संगठनों को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संविधान सर्वोपरि है और इसे बचाने के लिए सभी समान विचारधारा वाले संगठनों को साथ आना होगा। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने के अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने पहले की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक वोट हासिल किए थे। वर्ष 2022 से लेकर 2027 तक गठबंधन में रहते हुए पार्टी लगातार सड़क पर संघर्ष करती रही है। उन्होंने दावा किया कि इसी संघर्ष का परिणाम होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए दोबारा सत्ता हासिल करना आसान नहीं होगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story