अक्षय नवमी पर आंवले के वृक्ष के नीचे सुलगा अहरा, विधि-विधान से हुआ पूजन
—श्रीहरि को भोग लगाने के बाद लोगों ने पंगत में बैठकर खाई खीर, बाटी, दाल और चोखा
वाराणसी, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी में बुधवार को अक्षय नवमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने आंवले के वृक्ष का विधि-विधान से पूजन किया और उसकी छांव में अहरा सुलगाकर पारंपरिक तरीके से भोजन तैयार किया। खीर, बाटी, दाल और चोखा बनाने के बाद सबसे पहले भगवान श्रीहरि को भोग अर्पित किया गया। इसके बाद परिवार, मित्रों और परिजनों के साथ पंगत में बैठकर सामूहिक भोज का आनंद लिया।
पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। अहरा दगाने और पूजन के लिए लोग पूर्वाह्न में ही बाग-बगीचों और मंदिर परिसरों में आंवले के वृक्ष की तलाश में पहुंचने लगे। वृक्ष के नीचे चूल्हा जलाकर पारंपरिक पकवान तैयार किए गए। पूजन-अर्चन के बाद भगवान को भोग लगाकर लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। कई स्थानों पर परिवारों और परिचितों ने एक साथ बैठकर सामूहिक भोज की परंपरा निभाई।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास भगवान श्रीहरि की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी कहा जाता है। इस दिन आंवले के वृक्ष का पूजन करने और उसकी छांव में भोजन बनाने व ग्रहण करने का विधान है। मान्यता है कि अक्षय नवमी पर गंगा स्नान, अन्नदान और आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन किया गया दान भी अक्षय फल प्रदान करता है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, आंवले का वृक्ष भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। इसे पीपल और तुलसी की तरह ही पवित्र एवं पूजनीय माना जाता है। ऐसी भी मान्यता है कि अक्षय नवमी के दिन ही द्वापर युग का आरंभ हुआ था। वहीं, आयुर्वेद में भी आंवले को गुणकारी फल माना गया है। इसके नियमित सेवन से शरीर को कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। इस तरह अक्षय नवमी का पर्व धार्मिक आस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और पारिवारिक-सामाजिक एकजुटता का संदेश देता है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

