प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज
बोले, प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी प्रतिक्रिया बनारसी लोकभाषा एवं काशी की परंपरागत बोलचाल की शैली में दी थी
वाराणसी, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। इस मुकदमें के होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता खुलकर अजय राय के समर्थन में उतर आए हैं। कांग्रेस के वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि अजय राय के खिलाफ दर्ज एफआईआर 'लोकतंत्र और जनआवाज पर सीधा हमला' है। उन्होंने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए मुकदमों और प्रशासनिक दबाव का सहारा ले रही है।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि महोबा में छात्रा के साथ हुई कथित दुष्कर्म और दरिंदगी की घटना के बाद अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने और न्याय की मांग को समर्थन देने स्वयं वहां पहुंचे थे। उनके अनुसार प्रशासन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया,लेकिन तमाम बाधाओं के बावजूद उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका पक्ष सुना और न्याय की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि जब सरकार और प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में विफल रहते हैं,तब विपक्ष का दायित्व होता है कि वह पीड़ितों की आवाज बने। चौबे के अनुसार अजय राय लगातार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अन्याय,अत्याचार और शोषण से जुड़े मामलों में लोगों के बीच पहुंचते रहे हैं। कांग्रेस नेता ने नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अव्यवस्थाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ और कई छात्र मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। ऐसे परिवारों के बीच भी अजय राय पहुंचे और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।
अजय राय के बयान को लेकर उठे विवाद पर चौबे ने कहा कि उन्होंने महोबा में अपनी प्रतिक्रिया बनारसी लोकभाषा और काशी की पारंपरिक बोलचाल की शैली में दी थी। उन्होंने दावा किया कि काशी की भाषा और लोक संस्कृति से परिचित लोग जानते हैं कि वहां कई शब्द और मुहावरे सामान्य सामाजिक व्यवहार का हिस्सा हैं। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने बयान को 'तोड़-मरोड़कर' राष्ट्रीय स्तर पर अभद्र टिप्पणी के रूप में प्रस्तुत किया।
चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी के सांसद हैं और अजय राय भी काशी के निवासी हैं। ऐसे में स्थानीय भाषा और लोक शैली को अभद्रता बताना काशी की सांस्कृतिक परंपरा का अपमान है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर भी पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी के कई नेता पूर्व में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी,लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां करते रहे हैं।
चौबे ने भाजपा नेताओं निशिकांत दुबे,मनोज तिवारी,रवि किशन,गिरिराज सिंह और अनुराग ठाकुर के बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने नेताओं के आचरण की समीक्षा करनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

