वायु सेना का एयर शो : पब्लिक एड्रेस सिस्टम से नियंत्रित होगी भीड़, गंगा घाटों पर लगे दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड

WhatsApp Channel Join Now
वायु सेना का एयर शो : पब्लिक एड्रेस सिस्टम से नियंत्रित होगी भीड़, गंगा घाटों पर लगे दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड


—पब्लिक एड्रेस सिस्टम से जुड़ेंगे सभी प्रमुख घाट, लाउडस्पीकर के माध्यम से अधिकारी संभालेंगे भीड़ प्रबंधन की कमान

वाराणसी,19 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर धर्म नगरी काशी के नमो घाट पर आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एयर शो को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी सजगता के साथ तैयारियों में जुट गया है। आयोजन के दौरान आने वाले लाखों नागरिकों, पर्यटकों और वीवीआईपी अतिथियों की सुविधा, सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल स्वयं लगातार क्षेत्रों का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। नगर आयुक्त के अनुसार, दर्शकों और पर्यटकों को घाटों पर आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नमो घाट से लेकर सामने घाट तक और घाटों को जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों व गलियों में विशेष दिशा-सूचक साइनेज (मार्गदर्शक बोर्ड) लगाए गए हैं। इन बोर्डों पर घाटों के नाम और संकेत (एरो) के माध्यम से रास्ते प्रदर्शित किए गए हैं, जिससे बाहरी जनपदों से आने वाले लोग आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के दृष्टिगत गंगा के सभी प्रमुख घाटों को पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम से जोड़ा गया है। इसकी कमान वरिष्ठ अधिकारियों के पास रहेगी, जो माइक और हैंडहेल्ड सिस्टम के माध्यम से भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित व निर्देशित करेंगे। कार्यक्रम स्थल व आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जगह-जगह मोबाइल टॉयलेट, पोर्टेबल टॉयलेट और पर्याप्त संख्या में डस्टबिन स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सीय सेवाओं की भी मुस्तैदी रहेगी। नगर आयुक्त ने सभी सफाई निरीक्षकों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि वे अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर घाटों पर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कर सकें।

बर्ड-हिट रोकने को मांस बिक्री पर प्रतिबंध व आवारा पशुओं पर रोक

एयर शो के दौरान विमानों की सुरक्षा के मद्देनजर पशु कल्याण अधिकारी को पक्षियों की गतिविधियों पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। बर्ड-हिट के खतरे को देखते हुए नमो घाट से 20 से 30 किलोमीटर की परिधि में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस कटिंग व बिक्री की दुकानों को पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही पूरे शहर तथा घाटों के आसपास आवारा पशुओं के प्रवेश पर सख्त रोक लगाई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763300 Articles

Share this story