मुख्यमंत्री योगी ने नमो घाट पर परखी एयर शो की तैयारियां, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी ने नमो घाट पर परखी एयर शो की तैयारियां, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश


मुख्यमंत्री योगी ने नमो घाट पर परखी एयर शो की तैयारियां, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश


-22 से 25 अक्टूबर तक प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का लिया जायजा- 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना

वाराणसी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान नमो घाट पर आगामी एयर शो की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था, अतिथियों के आगमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नमो घाट पर 22 से 25 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित एयर शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शामिल होने के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद वायुसेना के अधिकारियों से आयोजन की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने प्रोजेक्ट मानचित्र के माध्यम से आयोजन स्थल और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि नमो घाट के साथ ही गंगा के अन्य घाटों पर भी सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए जाएं। आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा किया जाए, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

बताया गया कि एयर शो के मुख्य आयोजन में 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। इसी के मद्देनजर प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों को तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया। अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों और आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुनील पटेल और विधायक टी. राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761002 Articles

Share this story