वाराणसी में दिखेगा भारतीय वायु सेना का पराक्रम, नमो घाट पर एरियल डिस्प्ले,नगर निगम अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में दिखेगा भारतीय वायु सेना का पराक्रम, नमो घाट पर एरियल डिस्प्ले,नगर निगम अलर्ट


—19 से 26 अक्टूबर तक कार्यक्रम स्थल के 20-30 किमी परिधि में मांस कटिंग व बिक्री रहेगा प्रतिबंधित

वाराणसी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ पर काशी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को 'हवाई प्रदर्शन' हाेगा। । इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए नगर के स्थानीय निवासियों के साथ-साथ अन्य जनपदों से भी भारी संख्या में दर्शकों, नागरिकों और अतिविशिष्ट अतिथियों के आने की संभावना है। इस बड़े समागम को सकुशल संपन्न कराने और आने वाले लोगों की सहूलियत देने के लिए नगर निगम ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश जारी किए हैं। गंगा उस पार के समस्त कार्यों जैसे सफाई, डस्टबीन स्थापना, सड़कों की गड्ढामुक्ति, सिल्ट की सफाई, मोबाइल टॉयलेट, वाटर टैंकर और साइनेज लगाने की निगरानी के लिए अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, गंगा इस पार के घाटों, चौकाघाट से नमो घाट जाने वाले मार्ग तथा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के संपर्क मार्गों की व्यवस्थाओं के पर्यवेक्षण का जिम्मा अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता को दिया गया है, जिसमें संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र सहायक नोडल अधिकारी के रूप में सहयोग करेंगे। पार्किंग और होल्डिंग क्षेत्रों में सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह तथा नमो घाट पर मुख्य आयोजन स्थल के लिए वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेन्द्र तिवारी को नोडल अफसर नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त जोनल स्वच्छता अधिकारियों और जलकल विभाग के अभियंताओं को सफाई, वाटर टैंकरों तथा मोबाइल टॉयलेट्स की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था को रोकने के लिए मुख्य अभियंता (सिविल) सुरेश चंद्र को घाटों से सिल्ट हटाने, सड़कों को गड्ढामुक्त करने तथा गंगा नदी में गहरे जल वाले जोखिम भरे स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग व स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) आर.के. लाल गंगा के दोनों ओर, संपर्क मार्गों, पार्किंग स्थलों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास पर्याप्त प्रकाश, सीसीटीवी कैमरे और पीए सिस्टम की व्यवस्था संभालेंगे।

एयर शो के दौरान सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के तहत पशु कल्याण अधिकारी विजय अमृतराज को निर्देशित किया गया है कि वे 20 से 26 अक्टूबर तक पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने की कार्रवाई करें। बर्ड हिट के खतरे को देखते हुए नमो घाट कार्यक्रम स्थल से 20 से 30 किलोमीटर की परिधि में 19 अक्टूबर से कार्यक्रम की समाप्ति तक मांस कटिंग व विक्रय की दुकानों को पूरी तरह बंद रखा जाएगा। साथ ही पूरे शहर व घाटों के आसपास आवारा पशुओं के प्रवेश पर सख्त रोक लगाने के आदेश दिए गए हैं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story