वाराणसी में प्रस्तावित देश के सबसे बड़े एयरशो की तैयारियां तेज,गंगा के दोनों तटों से 30 लाख लोग देखेंगे रोमांचक हवाई करतब

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में प्रस्तावित देश के सबसे बड़े एयरशो की तैयारियां तेज,गंगा के दोनों तटों से 30 लाख लोग देखेंगे रोमांचक हवाई करतब


—सेना के विभिन्न प्रकार के विमान एवं एयरक्राफ्ट लगभग 90 मिनट तक दिखाएंगे करतब

-बन रही भीड़ प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना

वाराणसी, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नमोघाट पर 22, 23 एवं 25 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रस्तावित एयर शो में सेना के विभिन्न प्रकार के विमान और एयरक्राफ्ट करीब 90 मिनट तक रोमांचक हवाई करतब प्रस्तुत करेंगे। गंगा के दोनों तटों से लगभग 30 लाख लोगों के इस आयोजन को देखने पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करना शुरू कर दिया है।

पुलिस आयुक्त ने प्रमुख स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण

सोमवार शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रमुख घाटों और स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आयोजन को आमजन के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी सुनिश्चित की जाए। इस दौरान प्रमुख घाटों पर पैदल भ्रमण कर प्रवेश-निकास मार्ग, दर्शक क्षेत्र, भीड़ के दबाव वाले स्थानों और सुरक्षित आवागमन के रास्तों का भी जायजा लिया गया।

भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग और होल्डिंग एरिया

संभावित भारी भीड़ को देखते हुए विस्तृत भीड़ प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया और क्यू मैनेजमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि दर्शकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

दोनों तटों पर पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर जोर

गंगा नदी के दोनों ओर चिन्हित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े न हों, इसके लिए पार्किंग और यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था पहले से लागू करने की तैयारी है। दर्शकों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए पैदल मार्ग, प्रवेश-निकास प्वाइंट, वैकल्पिक मार्ग और आवश्यक ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था भी पहले से तैयार रखने को कहा गया है।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर तकनीकी संसाधनों के जरिए भी नजर रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी माध्यमों से लगातार निगरानी की जाएगी। संवेदनशील और अत्यधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

आपातकालीन मार्ग और इमरजेंसी एग्जिट होंगे चिह्नित

करीब 30 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आपातकालीन मार्ग, इमरजेंसी एग्जिट और त्वरित रिस्पॉन्स व्यवस्था को विशेष रूप से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं। आकस्मिक परिस्थिति में भीड़ को सुरक्षित और कम समय में बाहर निकालने के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

एयर शो से पहले होगी मॉक ड्रिल

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि एयर शो से पहले सभी व्यवस्थाओं की दोबारा समीक्षा की जाए और मॉक ड्रिल कर संभावित कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए। उन्होंने पुलिस और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे लाखों दर्शक सुरक्षित वातावरण में एयर शो का आनंद ले सकें। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story