(अपडेट) वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों ने जोर पकड़ा, सीपी और जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों ने जोर पकड़ा, सीपी और जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण


वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहे:पुलिस कमिश्नर

वाराणसी, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में आगामी 22, 23 एवं 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। शनिवार शाम को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों को परखा। नमोघाट पर स्थलीय निरीक्षण कर संभावित भीड़ के दृष्टिगत पार्किंग, रूट एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के आवश्यक दिशा'निर्देश दिया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने प्रस्तावित एयर शो के दृष्टिगत बसंता महिला कॉलेज के पास पार्किंग, रूट एवं सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर वर्तमान व्यवस्थाओं एवं भौतिक स्थिति का जायजा लिया।

एयर शो में आने वाले दर्शकों एवं वाहनों की संभावित भारी संख्या के दृष्टिगत चिन्हित किए गए पार्किंग स्थलों का स्थलीय भी अफसरों ने किया। पार्किंग क्षमता, प्रवेश एवं निकास मार्ग, वाहन संचालन तथा भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों को पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं सुव्यवस्थित यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

——वीआईपी रूट एवं सुरक्षा व्यवस्था

वीआईपी एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आवागमन के लिए प्रस्तावित रूटों का निरीक्षण कर रूट निर्धारण एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा वैकल्पिक मार्गों सहित समुचित ट्रैफिक डायवर्जन प्लान पहले से तैयार रखा जाए। एयर शो स्थल पर प्रवेश करने वाले अधिकृत वाहनों के लिए पूर्व निर्धारित एवं सुव्यवस्थित पास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पास जारी करने की प्रक्रिया स्पष्ट रखते हुए अनधिकृत वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा गया।

हेलीपैड का निरीक्षण

पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने नमोघाट पर बने हेलीपैड का भी स्थलीय निरीक्षण किया । हेलीपैड की सुरक्षा, आवागमन, आपातकालीन व्यवस्थाओं तथा आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बनाए रखने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

भीड़ एवं यातायात प्रबंधन:

एयर शो के दौरान संभावित भीड़ एवं वाहनों के दबाव को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों एवं कार्यक्रम स्थल के आसपास पर्याप्त पुलिस एवं यातायात पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

समन्वित एवं त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था:

पुलिस, यातायात पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का पुनः परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। सभी प्रवेश एवं निकास बिंदुओं, वीआईपी रूट, पार्किंग तथा महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को त्रुटिरहित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण

पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि एयर शो से पूर्व निर्धारित रूट, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास व्यवस्था एवं सुरक्षा प्लान का स्थलीय परीक्षण कर लिया जाए, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अफसर भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story