एयर शो की सफलता के लिए मां गंगा की आरती उतार कर मांगा आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
एयर शो की सफलता के लिए मां गंगा की आरती उतार कर मांगा आशीर्वाद


वाराणसी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में आयोजित होने वाले भारतीय वायु सेना एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' की अभूतपूर्व सफलता और सुरक्षित आयोजन के लिए बुधवार को नमामि गंगे टीम ने मां गंगा की आरती उतारी। इसमें महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ के वेदपाठी बटुक भी शामिल रहे। इस ऐतिहासिक और बड़े आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की विघ्न बाधा न आए और पूरा कार्यक्रम कुशलतापूर्वक संपन्न हो, इसी कामना के साथ गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रक्षा और सफलता की प्रार्थना की गई । द्वादश ज्योतिर्लिंग, गंगाष्टकम व स्वस्तिवाचन का पाठ किया गया।

इस कार्यक्रम के संयोजक राजेश शुक्ला ने बताया कि भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर 'वायु सेना दिवस एरियल 'डिस्प्ले-2026' के ऐतिहासिक अवसर पर गंगा की लहरों के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना, आसमान में सटीक उड़ान और हेलीकाप्टरों का हैरतअंगेज करतब आयोजित होगा। इसकी थीम 'विंग्स ओवर गंगा' रखी गई है। गंगा तट पर होने वाला यह आयोजन भारतीय वायु सेना के आधुनिक विमानन क्षमता को प्रदर्शित करने के साथ युवाओं को वायु सेना से जुड़ने के लिए भी प्रेरित करेगा। सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकाप्टर डिस्प्ले टीम अपने करतब दिखाएंगी। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और एलसीएच प्रचंड सहित कई विमानों के प्रदर्शन की तैयारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764208 Articles

Share this story