कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेही का सशक्त माध्यम : सत्येंद्र कुमार

WhatsApp Channel Join Now
कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेही का सशक्त माध्यम : सत्येंद्र कुमार


एआई सचिव जी का शुभारंभ, पंचायतों में डिजिटल सुशासन को मिलेगी नई गति

वाराणसी, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में पिरामल फाउंडेशन की ओर से विकसित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म एआई सचिव जी का शुभारंभ सोमवार को किया गया। कचहरी स्थित आयुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार सिन्हा तथा प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने पोस्टर जारी करते हुए इसकी शुरूआत की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि एआई सचिव जी के माध्यम से ग्राम पंचायतों से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, शासन की गाइडलाइन के अनुरूप आवश्यक सूचनाएं लिखित एवं मौखिक रूप में प्राप्त की जा सकेंगी। साथ ही बैठकों की कार्यवाही, रिपोर्ट तैयार करने तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों को सरल, त्वरित और समयबद्ध बनाने में भी यह प्लेटफॉर्म सहायक सिद्ध होगा।

मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को तकनीकी सहायता, सरकारी योजनाओ की जानकारी मिलेगी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सुविधा होगी।

जिला पंचायती राज अधिकारी आलोक कुमार सिन्हा ने कहा कि पंचायतों में आधुनिक तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता है। एआई सचिव जी के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को त्वरित जानकारी उपलब्ध होगी, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों बढ़ेंगी। प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से पंचायतों की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में फाउंडेशन की कोर टीम के सदस्य विंग कमांडर जैनेंद्र कुमार पाठक, सीनियर प्रोग्राम मैनेजर बशारत, सीनियर प्रोग्राम मैनेजर संतोष सिंह तथा प्रोग्राम मैनेजर चन्द्रशेखर ने एआई सचिव जी की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म पंचायत प्रतिनिधियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रशासनिक प्रक्रियाओं एवं अन्य आवश्यक जानकारियों तक त्वरित पहुंच उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम के दौरान एआई सचिव जी का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। इसमें बताया गया कि यह प्लेटफॉर्म पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं की जानकारी, आवश्यक दस्तावेज तैयार करने, बैठकों की कार्यवाही दर्ज करने तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में तत्काल सहायता प्रदान करेगा। उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं अधिकारियों ने इसे सरल, उपयोगी और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के सीनियर प्रोग्राम मैनेजर संतोष सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में साक्षी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में स्थानीय ग्राम प्रधान, प्रधान संघ के समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, गांधी फेलो, फाउंडेशन की टीम सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story