जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन से संबंधित घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच की मांग,सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन से संबंधित घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच की मांग,सौंपा ज्ञापन


भाजपा विधि प्रकोष्ठ के अधिवक्ताओं ने की दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग

वाराणसी, 23 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित धरना प्रदर्शन, संसद मार्च तथा उससे जुड़े घटनाक्रम की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधि प्रकोष्ठ से जुड़े अधिवक्ताओं ने गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने पूरे प्रकरण की समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुरूप कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की मांग की।

भाजपा विधि प्रकोष्ठ के काशी क्षेत्र संयोजक एवं दि बनारस बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने बताया कि वह 17 जुलाई 2026 से ही इस प्रकरण के संबंध में विभिन्न सक्षम अधिकारियों को लगातार प्रार्थना-पत्र भेजकर मामले की गंभीरता से जांच एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ता राजेश त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास क्षेत्र की घेराबंदी करने तथा संसद की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास किया। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर सभी दोषी व्यक्तियों, आयोजकों और सहयोगियों की पहचान करते हुए उनके विरुद्ध भारतीय कानून के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की।

राजस्व बार के संरक्षक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि यदि जांच में किसी सुनियोजित साजिश, विदेशी अथवा अन्य अवैध वित्तीय सहयोग, डिजिटल समन्वय या किसी भी प्रकार की विधि-विरुद्ध गतिविधि की भूमिका सामने आती है, तो संबंधित व्यक्तियों एवं संगठनों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

ज्ञापन देने वालों में अधिवक्ता आशुतोष शुक्ला, आशुतोष सक्सेना, मोनी श्रीवास्तव, दीपक वर्मा, गुलशन मिश्रा, सौरभ मिश्रा, सुजीत कुमार सिंह पटेल सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story