वाराणसी में जलभराव, अधिशासी अभियंता निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में जलभराव, अधिशासी अभियंता निलंबित


—चौकाघाट सीवेज पम्पिंग स्टेशन एवं गोईठहां एसटीपी के पम्प समय से संचालित न करने पर हुई कार्रवाई

वाराणसी, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी शहर में बारिश के बाद जलभराव को गंभीरता से लिया है। मंत्री ने उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), वाराणसी के निर्माण खण्ड (वि./यां.) में अधिशासी अभियंता के पद पर तैनात पवन कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया है। यह कार्यवाही चौकाघाट सीवेज पम्पिंग स्टेशन एवं गोईठहां एसटीपी के पम्प समय से संचालित न करने पर पर की गई है। निलंबन के साथ ही उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के नियम-सात के अंतर्गत अनुशासनिक जांच भी होगी। इस मामले में मुख्य अभियंता (क्रय), उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), लखनऊ को पदेन जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

बताते चले बीते 12 एवं 13 सितम्बर को मंत्री ने वाराणसी दौरे के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया था। शहर में जल निकासी की व्यवस्था युद्धस्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। निरीक्षण के दौरान जलभराव की स्थिति पर मंत्री ए.के. शर्मा ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि आमजन को जलभराव के कारण किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए । लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इसी क्रम में चौकाघाट सीवेज पम्पिंग स्टेशन एवं गोईठहां एसटीपी पर पम्पों के संचालन में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद शासन स्तर से कड़ी कार्रवाई की गई है।

जांच में प्रथम दृष्टया यह तथ्य सामने आया कि पवन कुमार गुप्ता ने चौकाघाट सीवेज पम्पिंग स्टेशन में वरूणा नदी के बैकफ्लो को रोकने के लिए आवश्यक गेट बैरियर लगाए जाने के संबंध में आगणन सहित कार्ययोजना तैयार नहीं की थी। और उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसके अतिरिक्त 03 एवं 04 सितम्बर 2026 को चौकाघाट सीवेज पम्पिंग स्टेशन एवं गोईठहां एसटीपी पर स्थित पम्पों को बंद रखा गया।

भारी वर्षा के दौरान पम्पों का समय से संचालन न होने के कारण सीवर लाइनों पर अत्यधिक लोड की स्थिति उत्पन्न हुई और शहर के निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी, जिससे आम जनमानस को कठिनाई एवं असुविधा का सामना करना पड़ा। नगर विकास मंत्री के अनुसार निलंबन अवधि में पवन कुमार गुप्ता कार्यालय मुख्य अभियंता (कानपुर क्षेत्र), उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), कानपुर से सम्बद्ध रहेंगे। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story