वाराणसी में एनटीए के खिलाफ एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में एनटीए के खिलाफ एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन


—नीट-यूजी 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर उबले कार्यकर्ता, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप

वाराणसी, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ जमकर प्रदर्शन के बाद प्रतीक रूप से पुतला फूंक कर आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं ने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर गहरी नाराजगी भी जताई। कार्यकर्ताओं ने एनटीए के कार्यप्रणाली पर सवाल उठा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप भी लगाया।

प्रदर्शन में शामिल एबीवीपी के पदाधिकारी शिवम तिवारी ने कहा कि एनटीए द्वारा आयोजित लगभग सभी प्रमुख परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र पूरे वर्ष कठिन मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं लेकिन परीक्षा व्यवस्था की खामियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। शिवम तिवारी ने कहा कि यदि कोई छात्र परीक्षा केंद्र पर एक मिनट देर से पहुंचता है तो उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलती। जब परीक्षाएं महीनों तक टलती हैं और पेपर लीक होते हैं तब जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती। उन्होंने एनटीए को तत्काल भंग कर नई और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ और छात्रों के साथ हो रहे अन्याय पर रोक नहीं लगी तो छात्र आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा। परिषद ने स्पष्ट किया कि वह छात्रों के हितों और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story