94वें फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल में केन्द्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने की भागीदारी,सक्रिय जीवनशैली का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
94वें फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल में केन्द्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने की भागीदारी,सक्रिय जीवनशैली का संदेश


94वें फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल में केन्द्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने की भागीदारी,सक्रिय जीवनशैली का संदेश


नमोघाट से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षा मंडप तक साइकिल रैली

एशियाई खेलों के पदक विजेताओं ने भी की भागीदारी

वाराणसी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। फिटनेस, युवा सशक्तीकरण और नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 94वें संस्करण का आयोजन रविवार सुबह वाराणसी में किया गया। यह साइकिल यात्रा सुबह 6 बजे से नमो घाट से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षा मंडप तक निकाली गई। “विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा” थीम पर आधारित इस पहल में केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और एशियाई खेलों के पदक विजेताओं के साथ युवाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ साइकिल चलाई। इसके पहले नमोघाट पर केन्द्रीय मंत्री ने युवा प्रतिभागियों का स्वागत कर उनका उत्साह वर्धन किया। केन्द्रीय मंत्री ने काशी के पारम्परिक जोड़ी को अपने कंधे पर रखकर कर फिटनेस और नशामुक्त भारत का संदेश दिश।

आयोजकों के अनुसार,रैली का उद्देश्य साइकिल चलाने को सक्रिय जीवनशैली अपनाने का सरल, सुलभ और पर्यावरण के अनुकूल माध्यम बनाकर प्रोत्साहित करना है। सामूहिक भागीदारी के जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि फिट रहना रोजमर्रा की जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए और खेल तथा शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ-साथ नमो घाट पर योग सत्र, ऊर्जावान ज़ुम्बा, मनोरंजक खेल और विभिन्न संवादात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का आयोजन युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, राहगिरी फाउंडेशन और माय भारत के सहयोग से किया जाता है। यह साइकिलिंग अभियान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ चलाया जाता है। इसके तहत भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों एसएआई प्रशिक्षण केंद्रों, खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों और खेलो इंडिया केंद्रों में भी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। देशभर में 6,000 से अधिक नमो फिट इंडिया क्लब भी हर सप्ताह इस साइकिलिंग पहल का आयोजन करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story