सिलाई और ब्यूटीशियन के 100 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

WhatsApp Channel Join Now
सिलाई और ब्यूटीशियन के 100 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन


प्रशिक्षित 34 छात्राओं को वितरित किए गए प्रमाण पत्र

वाराणसी, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के चौबेपुर क्षेत्र में सामाजिक संस्था ‘आशा ट्रस्ट’ की ओर से किशोरियों और महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से संचालित 100 दिवसीय सिलाई एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 34 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शांति निकेतन विद्यालय, रामपुर (गाजीपुर) की प्रधानाचार्या आरती सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए कहा कि महिलाओं और किशोरियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए विभिन्न कौशलों में दक्ष होना आवश्यक है। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आर्थिक रूप से सशक्त बनती हैं।

आरती सिंह ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का और अधिक विस्तार होना चाहिए, ताकि ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों की अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।

ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक स्वावलंबन समाज में वास्तविक स्त्री-पुरुष समानता स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किशोरियों और महिलाओं को सिलाई एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण के साथ-साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और महिला अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षु अंजली राजभर, कंचन यादव, आँचल, रिया, दीपा, काजल और कविता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें आत्मनिर्भर बनने की नई दिशा मिली है।

कार्यक्रम का संचालन स्नेहा सोनकर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रिया यादव ने किया। इस अवसर पर रूबी पाण्डेय, रंजना पाण्डेय, श्वेता सिंह, साधना पाण्डेय, प्रदीप सिंह, सौरभ चन्द्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story