मां विंध्यवासिनी धाम : घटाभिषेक और निकासी पूजन से होगा ‘शुद्धि महायज्ञ’, तीन अप्रैल को साढ़े तीन घंटे बंद रहेगा मां का कपाट
मीरजापुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी धाम में 3 अप्रैल शुक्रवार को वार्षिक घटाभिषेक और विशेष निकासी पूजन का भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर मां का गंगा जल से अभिषेक कर मंदिर परिसर की शुद्धि की जाएगी, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह है। इस दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे।
विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि वैशाख कृष्ण पक्ष प्रतिपदा को हर वर्ष यह परंपरा निभाई जाती है। स्थानीय श्रद्धालु गंगा से मिट्टी के घड़ों में जल भरकर लाते हैं और मां के चरणों में अर्पित करते हैं। इसके साथ ही पूरे मंदिर परिसर को गंगा जल से धोकर पवित्र किया जाता है।
उन्होंने बताया कि रात में विशेष निकासी पूजन किया जाता है, जिसका उद्देश्य वर्ष भर की नकारात्मक शक्तियों को दूर करना होता है। इस अनुष्ठान को देखने और उसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मंदिर प्रशासन के अनुसार धुलाई और पूजन की प्रक्रिया के चलते शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। राजश्री आरती के बाद पुनः दर्शन शुरू होंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन किया गया पूजन और अभिषेक विशेष फलदायी माना जाता है, जिससे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

